कौन हैं 2 बच्चों की गैब्रिएला डेमेट्रियड्स? जिन्होंने अर्जुन रामपाल से की सगाई, कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी
Who is Gabriella Demetriades: अभिनेता अर्जुन रामपाल ने आखिरकार अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चल रही अटकलों को खत्म कर दिया है। फिलहाल वो इन दिनों अपनी फिल्म 'धुरंधर' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। इसी बीच अर्जुन ने खुलासा किया है कि उन्होंने अपनी लंबे समय से साथी गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से सगाई कर ली है।

पॉडकास्ट में हुआ खुलासा
अर्जुन रामपाल ने यह बात रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कही। एपिसोड के रिलीज़ से पहले आए टीज़र में गैब्रिएला ने रिश्ते की स्थिति को लेकर संकेत दिया था, जिसके बाद अर्जुन ने साफ कर दिया कि वे दोनों सगाई कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह घोषणा उन्होंने सोच-समझकर इसी प्लेटफॉर्म पर करने का फैसला किया।
छह साल का रिश्ता और दो बच्चे
अर्जुन और गैब्रिएला पिछले लगभग छह वर्षों से साथ हैं और वे दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे एरिक का जन्म अप्रैल 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे आरिव का जन्म 2023 में हुआ। दोनों ने हमेशा अपने पारिवारिक जीवन को निजी रखने की कोशिश की है और सोशल मीडिया पर भी सीमित झलकियां ही साझा की हैं।
रिश्ते की शुरुआत का दिलचस्प किस्सा
पॉडकास्ट के दौरान अर्जुन ने अपने रिश्ते की शुरुआत को लेकर एक हल्का-फुल्का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि शुरुआत में वे गैब्रिएला की खूबसूरती से आकर्षित हुए थे, लेकिन समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि उनके व्यक्तित्व में उससे कहीं ज्यादा गहराई और समझ है। हाल ही में 26 नवंबर को गैब्रिएला ने अर्जुन के जन्मदिन पर एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में उन्होंने अर्जुन के जीवन के प्रति नजरिए और परिवार के रूप में उनके रिश्ते की मजबूती की सराहना की थी। यह पोस्ट उनके रिश्ते की गहराई को दर्शाने वाली एक दुर्लभ झलक थी।
शादी को लेकर अर्जुन का नजरिया
इससे पहले अर्जुन रामपाल ने एक अन्य पॉडकास्ट में शादी पर अपने विचार साझा करते हुए कहा था कि वे शादी को सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज मानते हैं। उनके मुताबिक, वे और गैब्रिएला दोनों मानते हैं कि बिना किसी औपचारिक टैग के भी रिश्ता पूरी तरह मजबूत और अर्थपूर्ण हो सकता है।
गैब्रिएला डेमेट्रियड्स कौन हैं?
दक्षिण अफ्रीका में जन्मी गैब्रिएला डेमेट्रियड्स ने 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू की थी। बाद में उन्होंने फैशन डिजाइन की पढ़ाई की और अपना खुद का क्लोदिंग ब्रांड 'Deme' लॉन्च किया। इसके अलावा, उन्होंने VRTT Vintage की भी स्थापना की। गैब्रिएला सिर्फ अर्जुन रामपाल की पार्टनर नहीं, बल्कि एक सफल उद्यमी और स्वतंत्र पहचान रखने वाली महिला हैं।












Click it and Unblock the Notifications