कौन हैं कॉमेडियन गौरव गुप्ता? जिन्होंने US में एक पाकिस्तानी से कहा- 'चलो तुम हनुमान चालीसा पढ़ो अब'
Who Is Comedian Gaurav Gupta: भारत-पाकिस्तान के बीच जब रिश्तों में तल्खी हो, तो सबसे ज्यादा सतर्कता कॉमेडियन को रखनी पड़ती है। लेकिन, गौरव गुप्ता वो नाम हैं जो जले पर नमक छिड़कते नहीं, हास्य का लेप लगाकर दिल तक बात पहुंचा देते हैं। हाल ही में अटलांटा (यूएस) में हुए उनके स्टैंड-अप शो में कुछ ऐसा ही हुआ।
एक पाकिस्तानी दर्शक को देखकर गौरव ने कुछ ऐसा कह दिया, जो सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया - 'चलो, अब तुम हनुमान चालीसा पढ़ो।' और ये कहा भी उन्होंने किसी गुस्से में नहीं, बल्कि पूरे मजाकिया अंदाज में, ठहाकों के बीच।

क्या हुआ शो में?
गौरव का यूएस-कनाडा टूर चल रहा है। अटलांटा और शिकागो के शो हाउसफुल रहे। इसी बीच, 30 मई को शो के दौरान गौरव ने एक पाकिस्तानी दर्शक को सामने देखा, तो कुछ लोग 'सिंदूर' चिल्लाने लगे - जो हाल ही में हुए ऑपरेशन का नाम था। माहौल थोड़े वक्त के लिए संजीदा हो गया, लेकिन गौरव ने पूरे सीन को मजेदार और शालीन ढंग से हैंडल किया। उन्होंने कहा, 'भाई, शो में आने के लिए तुममें बहुत हिम्मत है। सबको लगा कलाकारों पर बैन है, लेकिन दर्शकों को तो अभी भी आने दिया जा रहा है।' फिर उन्होंने मुस्कुराते हुए जोड़ा, 'चलो, तुम हनुमान चालीसा पढ़ो अब।'
इस पर भीड़ में जोरदार हंसी और तालियां गूंज उठीं। माहौल पूरी तरह हल्का हो गया और बातचीत में और भी तंज जुड़ गए। गौरव ने आगे कहा, "तुम समझ पाते हो मेरे जोक्स? इतने सालों से हम कह रहे हैं - नहीं मिलेगा, नहीं मिलेगा... फिर भी आ जाते हो!"
लोगों ने कैसे दिए रिएक्शन?
क्लिप वायरल होते ही इंस्टाग्राम पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कुछ ने कहा, 'हनुमान चालीसा वाला पार्ट तो लाजवाब था!' एक यूजर ने लिखा, 'गौरव ने शालीनता नहीं छोड़ी, यही बात उसे बाकी कॉमेडियन्स से अलग बनाती है।' वहीं, कुछ लोगों ने नाखुशी जताते हुए कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में इस तरह के जोक्स से बचना चाहिए था।
Who is Gaurav Gupta: गौरव गुप्ता कौन हैं?
गौरव गुप्ता एक बेहद लोकप्रिय भारतीय स्टैंडअप कॉमेडियन हैं। वह खासकर "बनिया" कल्चर, मिडिल क्लास स्ट्रगल और पारिवारिक रिश्तों पर अपने चुटीले कमेंट्स के लिए जाने जाते हैं। 2017 के 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में जब अक्षय कुमार जज थे, तब गौरव टॉप 12 फाइनलिस्ट में शामिल हुए थे। उसके बाद 'नॉट जस्ट बनिया', 'मार्केट डाउन है' जैसे शो ने उन्हें देशभर और विदेशों में पहचान दिलाई।
गौरव गुप्ता ने जिस अंदाज में एक संवेदनशील पल को हल्के-फुल्के हास्य में बदल दिया, वो उनके अनुभव और समझदारी का सबूत है। जहां कुछ लोगों ने इसे एक शानदार कॉमेडी मोमेंट कहा, वहीं कुछ ने इसे और ज़िम्मेदार तरीके से संभालने की सलाह दी। लेकिन ये बात तय है - गौरव गुप्ता का ह्यूमर लोगों के दिलों में जगह बनाना जानता है।












Click it and Unblock the Notifications