'अब मैं रिटायर हो सकता हूं' जब विक्रांत मैसी ने एक्टिंग छोड़ने का दिया था हिंट, अचानक छोड़ रहे हैं इंडस्ट्री
Vikrant Massey Retirement: बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी के रिटायरमेंट की खबर ने फैंस को चौंका दिया है। 1 दिसंबर को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया है कि वह अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित करने के लिए ब्रेक ले रहे हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब विक्रांत ने रिटायरमेंट के बारे में बात की है।
विक्रांत मैसी ने इससे पहले मजाक करते हुए रिटायर होने की बात कही थी जब करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर उनकी फिल्म 12th Fail की प्रशंसा की और एक्टर को लेजेंड बताया था। एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा था।

करीना कपूर ने विक्रांत के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "12वीं फेल विद्यु विनोद चोपड़ा, विक्रांत मैसी, मेधा शंकर, आनंद वी जोशी, अंशुमान पुष्कर, और पूरी कास्ट और क्रू, लेजेंड्स।" विक्रांत ने करीना की तारीफ का जवाब देते हुए लिखा, "बस, अब मैं रिटायर हो सकता हूं। धन्यवाद, मैम! आपको नहीं पता ये मेरे लिए कितना मायने रखता है।"
इस पोस्ट के करीब 10 महीने बाद विक्रांत ने बॉलीवुड से ब्रेक लेने का ऐलान किया। एक्टर ने पोस्ट में लिखा, "नमस्ते, पिछले कुछ साल और उससे पहले का समय अविश्वसनीय रहा। मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं आपने मुझे इतना सपोर्ट किया। लेकिन जैसे ही मैं आगे बढ़ता हूं, मुझे एहसास होता है कि अब यह समय है अपने घर लौटने का। एक पति, पिता और बेटे के रूप में, और एक अभिनेता के तौर पर भी।"
विक्रांत मैसी ने आगे लिखा, "तो, 2025 में हम एक आखिरी बार मिलेंगे। जब तक समय ठीक नहीं समझे। आखिरी दो फिल्में और कई सालों की यादें। फिर से धन्यवाद। सब कुछ और बीच की हर चीज़ के लिए। हमेशा ऋणी।"
विक्रांत का रिटायरमेंट उनके हालिया सफलताओं के बीच आया है। पिछले साल, उन्होंने 12th Fail में आईपीएस मनोज कुमार शर्मा के किरदार में फैंस का दिल जीत लिया। हाल ही में एक्टर की रिलीज हुई फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' को भी काफी सराहा गया, यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनकी तारीफ की। बॉलीवुड में मिली शानदार सफलता के बीच विक्रांत मैसी का इस तरह से रिटायरमेंट का ऐलान करना फैंस को काफी परेशान कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Vikrant Massey ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, एक फिल्म के लिए चार्ज करते हैं करोड़ों, नेटवर्थ जान उड़ जाएंगे होश












Click it and Unblock the Notifications