'अपना शो संभालो पहले' इंडियन क्रिकेट टीम की इंग्लिश को लेकर TMKOC प्रोड्यूसर ने उठाए सवाल, तो भड़क उठे फैंस
एशिया कप 2022 में भारत की शानदार जीत के बाद तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी का ट्वीट जमकर वायरल हो रहा है।
मुंबई, 29 अगस्त: पूरा देश एशिया कप 2022 में भारत की जीत का जश्न मना रहा है। चारों तरफ खुशी का माहौल है। हार्दिक पांड्या भी खूब छाए हुए हैं। ट्विटर पर इस मैच को लेकर तरह-तरह के मीम्स वायरल हो रहे हैं। इस कड़ी में तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी का ट्वीट भी जमकर वायरल हो रहा है। प्रोड्यूसर ने टीम इंडिया क्रिकेटर्स के अंग्रेजी में बात करने पर सवाल उठाए हैं। लेकिन असित मोदी को अपने इस बयान के लिए खुद ही ट्रोल होना पड़ गया।

देश में खुशी का माहौल
देश में हर ओर खुशी का माहौल है। एशिया कप 2022 में भारत ने जीत हासिल की है। पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर भारत ने शानदार जीत हासिल की। अब अन्य लोगों के साथ-साथ तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी का ट्वीट जोरों-शोरों से वायरल हो रहा है।
असित मोदी ने क्या कहा?
एक ओर पूरा देश क्रिकेट टीम की सराहना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर असित कुमार मोदी ने टीम पर सवाल ही खड़े कर दिए। अपने ट्वीट में प्रोड्यूसर ने लिखा कि पाकिस्तानी क्रिकेटर अधिकतर अपनी मातृभाषा उर्दू में बात करते हैं और हमारे क्रिकेटर ज्यादातर अंग्रेजी में बात करते हैं। आप क्या सोचते हैं ?
ट्रोल हुए तारक मेहता के प्रोड्यूसर
असित कुमार मोदी का ये ट्वीट बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उन्हें बुरी तरह से ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने प्रोड्यूसर को जवाब देते हुए लिखा कि उनके आती नहीं इसलिए। वहीं एक यूजर ने कहा कि अपने शो के एपिसोड में ये मुद्दा रखिये और बबल गम की तरह खींच डालिए।
'पाकिस्तानी क्रिकेटर्स को अंग्रेजी नहीं आती'
एक यूजर ने कहा कि पाकिस्तानी क्रिकेटर्स इंग्लिश नहीं बोलते क्योंकि उन्हें आती ही नहीं है। इंग्लिश बोलेंगे तो क्रिकेट कई खिलाड़ियों तक हमारा संदेश पहुंचेगा। वैसे पाकिस्तान के कई खिलाड़ियों को अंग्रेजी नहीं आती है।
'अपने शो को संभालो पहले'
असित मोदी को ट्वीट करना काफी भारी पड़ गया और वे बुरी तरह से ट्रोल होने लगे। कई यूजर्स ने कहा कि पहले अपना शो संभाल लो फिर दूसरों को बोलना। वहीं एक यूजर ने तो ये तक कह दिया कि पहले दयाबेन को वापस लाने पर फोकस करो।

सुर्खियों में तारक मेहता शो
बताते चलें कि असित कुमार मोदी का मशहूर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' कुछ वक्त से खूब सुर्खियों में है। बीते दिनों खबर आई कि शो में काफी मशहूर किरदार निभाने वाले शैलेश लोढ़ा ने भी इसे अलविदा कह दिया है। वहीं यूजर्स अभी तक दयाबेन की वापसी की राह में पलकें बिछाए बैठे हैं।












Click it and Unblock the Notifications