'मुझे काम दो, मैं परेशान हूं', गुरुचरण सिंह 'सोढ़ी' की हुई ऐसी हालत, बोले- मैं वापस नहीं आना चाहता था
Gurucharan Singh: टीवी के फेमस शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मिस्टर सोढ़ी यानी गुरुचरण सिंह कुछ समय के लिए लापता हो गए थे। उनके गायब होने से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि उनके सेलेब्स दोस्त भी परेशान हो गए थे। सबसे ज्यादा परेशानी गुरुचरण सिंह के पिता को हुई थी।
अप्रैल 2024 में लापता हो गए थे गुरुचरण सिंह
आपको बता दें कि गुरुचरण सिंह अप्रैल 2024 में लापता हुए थे। उनके लापता होने से हर तरफ सनसनी मच गई थी। फैंस और घरवाले सदमे में चले गए थे और पिता ने एक्टर को लेकर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। हालांकि करीब 25 दिन बाद गुरुचरण सिंह खुद वापस दिल्ली स्थित अपने घर लौट आए थे।

गुरुचरण सिंह ने लापता होने पर तोड़ी चुप्पी
घर लौटने के बाद गुरुचरण सिंह ने कहा था- कुछ काम अटके हैं और वो पूरे होने के बाद वह सबकुछ डिटेल में बताएंगे। अब गुरुचरण सिंह ने पहली बार अपने लापता होने पर खुलकर बात की है और बताया है कि वह कहां चले गए थे और उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया था। कई लोगों का दावा था कि गुरुचरण सिंह का लापता होना उनका एक पब्लिसिटी स्टंट था। लेकिन अब इसको लेकर खुद एक्टर ने चुप्पी तोड़ी है और लोगों को बताया है कि क्यों वह घर छोड़कर चले गए थे।
दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर से गायब हुए थे एक्टर
आपको बता दें कि गुरुचरण सिंह को गत 22 अप्रैल 2024 को दिल्ली से मुंबई जाना था। वह घर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले तो थे, पर मुंबई की फ्लाइट नहीं पकड़ी और अचानक ही लापता हो गए थे। यहां तक कि वह अपना फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे।
गुरुचरण सिंह ने बताया क्यों हो गए थे लापता
गुरुचरण सिंह ने वापस लौटने के बाद पुलिस को बताया था कि वह कुछ परेशानियों से जूझ रहे थे और आध्यात्मिक सफर पर निकल गए थे। अब गुरुचरण मुंबई में हैं और उन्होंने अपने लापता होने को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए कहा है- महामारी के बाद से, कई चीजें हुईं, जिन्होंने मुझे प्रभावित किया है।
'मेरी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा था'
गुरुचरण सिंह ने कहा- मैं साल 2020 में मुंबई छोड़कर दिल्ली वापस चला गया था क्योंकि मेरे पिता की सर्जरी हुई थी और उन्हें मेरी जरूरत थी। उसके बाद, मैंने अपने दम पर कई बिजनेस शुरू करने की कोशिश की, लेकिन उनमें से कोई भी नहीं चला। जिन लोगों के साथ मैंने हाथ मिलाया, वो कहीं गायब हो गए। हमारा कई साल से संपत्ति विवाद भी चल रहा है और उस पर काफी पैसा भी खर्च हुआ है। इन सबके कारण मेरी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा था और मैं बहुत परेशान हो गया था।
'गायब होना पब्लिसिटी स्टंट नहीं था'
गुरुचरण सिंह ने आगे बताया- मैं माता-पिता के कारण हमेशा आध्यात्मिक रहा हूं और जीवन के इस मोड़ पर जब मैं उदास महसूस कर रहा था, मैंने भगवान की ओर रुख किया। मैं आध्यात्मिक यात्रा पर गया था और वापस आने की मेरी कोई योजना नहीं थी। लेकिन भगवान ने मुझे एक संकेत दिया और उसने मुझे घर लौटने पर मजबूर कर दिया।
'मुझे लंबे समय से मेरा बकाया पैसा नहीं मिला है'
गुरुचरण सिंह ने कहा- बहुत से लोग सोचते हैं कि मैंने पब्लिसिटी स्टंट के लिए गायब होने की योजना बनाई थी लेकिन ये सच नहीं है। अगर मुझे पब्लिसिटी चाहिए होती, तो मैं 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को लेकर इंटरव्यू देता, जिसके लिए मुझे लंबे समय से मेरा बकाया पैसा नहीं मिला है। मैं ऐसा करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।
'मैं वापस आ गया हूं, काम करना चाहता हूं'
गुरुचरण सिंह ने कहा- घर वापस आने के बाद भी मैंने कोई इंटरव्यू नहीं दिया। लेकिन अब मैं बोल रहा हूं क्योंकि मैं उन कुछ चीजों को क्लियर करना चाहता हूं, जो लोग मेरे बारे में कह रहे हैं। मैं इंडस्ट्री के लोगों से मदद मांग रहा हूं। मैं वापस आ गया हूं और काम करना चाहता हूं।
गुरुचरण सिंह ने 2020 में एक्टिंग से दूरी बना ली थी
गुरुचरण सिंह ने कहा- मैं अपने सारे लोन चुकाना चाहता हूं, और वो काम के जरिए ही हो सकता है। मैं कड़ी मेहनत करने के लिए तैयार हूं। मुझे एहसास हुआ कि मैं जीवन में अपनी अन्य जिम्मेदारियां निभाते हुए भी अपनी आध्यात्मिक यात्रा जारी रख सकता हूं। गुरुचरण सिंह ने साल 2020 में एक्टिंग से दूरी बना ली थी।












Click it and Unblock the Notifications