'लोगों को वो दिखाओ जिसके लिए वो मर रहे हैं...' बॉलीवुड की पिटती फिल्मों पर बोलीं पल्लवी जोशी
बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम होती फिल्मों को लेकर 'द कश्मीर फाइल्स' फेम पल्लवी जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मुंबई, 5 सितंबर: पल्लवी जोशी ने बॉक्स ऑफिस पर उस वक्त तगड़ा रिकॉर्ड बनाया, जब बिना किसी बड़े स्टार्स वाली उनकी फिल्म द कश्मीर फाइल्स छोटे बजट की फिल्म होने के बावजूद सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी। इस बीच कई बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम होती भी दिखीं, जिसके बाद लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा हो क्यों रहा है? ऐसे में खुद पल्लवी जोशी ने इन सब बातों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने मेकर्स को भी खास सलाह दी है।

'कश्मीर फाइल्स' फेम हैं पल्लवी
पल्लवी जोशी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म में अभिनय कर चुकी हैं और साथ ही उन्होंने इसे को-प्रोड्यूस भी किया है। 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये की तगड़ी कमाई की। फिल्म का निर्देशन पल्लवी शर्मा के पति विवेक अग्निहोत्री ने किया था।

क्या बोलीं पल्लवी?
छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों जैसे 'शमशेरा', आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की 'सम्राट पृथ्वीराज' को भी पीछे छोड़ दिया। ऐसे में बॉलीवुड की फिल्मों के बुरी तरह से पिटने पर खुद पल्लवी जोशी ने प्रतिक्रिया दी है।

'दर्शकों की मंशा समझना जरूरी'
हिदुस्तान टाइम्स संग बातचीत में पल्लवी ने कहा कि मैं बॉलीवुड में एक्सपर्ट तो नहीं हूं इसलिए मुझे नहीं पता कि 'शमशेरा' और 'दोबारा' जैसी फिल्में क्यों नहीं चलीं। लेकिन मैं आपको ये जरूर बता सकती हूं कि हमारी फिल्म के साथ क्या हुआ। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि दर्शक आपके सबजेक्ट या प्रदर्शन के पीछे की मंशा को महसूस करते हैं।

ईमानदारी देखते हैं लोग
अपने करियर के बुरे दिनों के बारे में बात करते हुए पल्लवी ने बताया कि थिएटर में ऐसे दिन भी थे, जब मैंने अपना फोकस खो दिया था। तब लोगों से वैसी प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, जिसकी उम्मीद होती थी। मेरे लिए वो दिन काफी बुरे थे। पर्दे के लिए लोगों को आपकी ईमानदारी और मेहनत का अहसास लोगों को जरूर होता है।

बायकॉट पर क्या बोलीं एक्ट्रेस?
बायकॉट को लेकर पल्लवी ने कहा कि देश में फिल्मों के खिलाफ लोग अगर खड़े हो रहे हैं तो मेकर्स को आत्मनिरीक्षण करने की काफी जरूरत है। 'लाल सिंह चड्ढा', 'लाइगर' और 'दोबारा' को लेकर पल्लवी ने कहा कि मेकर्स को देखना चाहिए कि लोगों को क्या पसंद आ रहा है। दर्शकों के बिना हम कुछ भी नहीं हैं। उन्हें वो दें, जो देखने के लिए वे मर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications