फिल्म 'शिवा का सूर्या' में रिवेंज लेते दिखेंगे देव सिंह, बोले- भोजपुरी फिल्मों को प्यार देने की जरूरत
भोजपुरी अभिनेता देव सिंह की फिल्म 'शिवा का सूर्या' की रिलीज डेट जारी कर दी गई है। ये फिल्म 17 जून को रिलीज होगी।
मुंबई, 9 जून: भोजपुरी सिनेमा के वर्सटाइल अभिनेता देव सिंह की फिल्म 'शिवा का सूर्या' की रिलीज डेट जारी कर दी गई है। यह फिल्म 17 जून को रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता घंटा श्रीनिवास हैं, जबकि लेखक सुब्बा राव गोसांगी हैं। फिल्म में साउथ के चर्चित अभिनेता शिव कांतिमणि और भोजपुरी की लोकप्रिय अभिनेत्री पाखी हेगड़े के साथ निसार खान, प्रीति शुक्ला, देव सिंह, मंटू लाल, हैरी जोशी, नीलम, संजीव वर्मा, बबिता सिंह, प्रकाश जैश, मंटू लाल यादव, निशा दुबे, कार्तिकेय, गुड्डू सुदर्शन, खूशबू और गौतम राज मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। देव सिंह की बात करें तो वे फिल्म में विलेन का किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे।

सुब्बाराव गोसांगी के साथ पहली फिल्म
फिल्म में अपने किरदार को लेकर देव सिंह का कहना है कि मेरा किरदार फ़िल्म में निगेटिव है, लेकिन मैंने अपने किरदार को संजीदगी से निभाया है। इसलिए उम्मीद करता हूं कि आप सभी हमारी फिल्म को पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली बार साउथ के निर्देशक सुब्बाराव गोसांगी के साथ यह फिल्म है, जिसका अनुभव बेहद खास रहा है।
हर भाषा का करें सम्मान: देव सिंह
देव सिंह की फ़िल्म 'शिवा का सूर्या' भोजपुरी के साथ तेलुगू में भी रिलीज होगा। ऐसे में उन्होंने हाल ही में सुदीप किचा और महेश बाबू के बयान से उभरी कंट्रोवर्सी पर कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है। हिंदी में भी अच्छी फिल्में बनती हैं। हां, अभी यहां फ़िल्म मेकर कोई रिस्क लेना नहीं चाहते हैं, इसलिए वे रीमेक करते हैं। जो किसी इंडस्ट्री के लिए सही नहीं है। उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि आजकल इतने प्लेटफॉर्म हैं, जहां लोग फ़िल्म देख लेते हैं और जब रीमेक वाली फिल्म आती है तो उन्हें लगता है कि यह फिल्म देख चुके हैं। भाषा को लेकर उन्होंने कहा कि हमें हर भाषा का सम्मान करना चाहिए और हर भाषा की फिल्म को प्यार देना चाहिए
फिल्म को लेकर क्या बोले देव सिंह
देव सिंह ने श्री गौरी प्रोडक्शन के बैनर से बनी फ़िल्म 'शिवा का सूर्या' को लेकर कहा कि हमारी फ़िल्म बेहद शानदार बनी है। अब भोजपुरी फिल्मों को और ज्यादा वक्त देने का समय आ चुका है क्योंकि भोजपुरी फिल्में भी नए तरीके से बन रही हैं। वे आगे कहते हैं कि अगर दर्शकों का सपोर्ट मिलेगा, तभी सिनेमा भी समृद्ध होगा। अब तो भोजपुरी में भी सिनेमा, नाम, फॉर्मेट, कहानी सब बदल गया है। उन्होंने कहा कि ये आप 'शिवा का सूर्या' में भी देख सकते हैं। इस फ़िल्म के निर्माता घंटा श्रीनिवास और कोल्लीपारा हैं। फ़िल्म में शिवा कंठम नेनी, पाखी हेगड़े, निसार खान, प्रीति शुक्ला, मंच लाल, हैरी जोशी, नीलम जैसे दिग्गज कलाकार हैं।
इन फिल्मों में दिखेंगे देव सिंह
देव सिंह के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो इस फिल्म के बाद उनकी कई और फिल्में भी आने वाली हैं। इनमें प्रदीप पांडेय चिंटू के साथ वन मैन आर्मी, दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ आनंद आश्रम, यश कुमार के साथ धाकड़ सिंह, अवधेश मिश्रा के साथ इत्ती सी खुशी के साथ अभय निहलानी की हिंदी फिल्म लव यू लोकतंत्र भी आने वाली है। साथ ही देव सिंह टीवी पर भी सक्रिय नज़र आते हैं। अभी हाल ही वे जी टीवी के चर्चित सीरियल 'अगर तुम ना होते' में भी नजर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications