'पापा ने मां संग की हैवानियत,पीटा, दांत तोड़े', फेमस एक्टर का दर्दनाक खुलासा, बोले-कुत्ते की चेन से मारा
Sidharth Bhardwaj: एमटीवी स्पिल्ट्सविला सीजन 2 (MTV Splitsvilla Season 2) जीतकर पहचान बनाने वाले सिद्धार्थ भारद्वाज एक बार फिर चर्चा में हैं। साल 2019 में लॉस एंजिल्स शिफ्ट होने के बाद अब वह रिएलिटी शो 'The 50' के जरिए भारतीय टेलीविजन पर लौटे हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने बचपन की ऐसी सच्चाई शेयर की है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है।
गैंगस्टर माहौल में बीता था बचपन
सिद्धार्थ कन्नन के शो में सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया कि उनका जन्म दिल्ली के चंदेरवाल इलाके में हुआ था, जो 80 के दशक में अपराध और गैंगस्टरों के लिए कुख्यात माना जाता था। उनके पिता, जिन्हें लोग 'बिल्लू बॉक्सर' के नाम से जानते थे, कथित तौर पर गैंग से जुड़े हुए थे और उसी दुनिया का हिस्सा थे। हालांकि उनके जन्म के बाद उनकी मां ने इस माहौल से दूर जाने का फैसला लिया था ताकि उनका बचपन सुरक्षित रह सके।

एक हादसे ने बदल दी सिद्धार्थ भारद्वाज की जिंदगी
सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया कि उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब वह महज 9 साल के थे। उन्होंने बताया कि उनके पिता को एक बिल्डिंग से नीचे फेंक दिया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद उनके पिता करीब 5 साल तक बिस्तर पर थे। इस दौरान परिवार की सारी जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई थी, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके घर को संभाला था।
सिद्धार्थ के मां की संघर्ष भरी कहानी
-सिद्धार्थ भारद्वाज ने अपनी मां के संघर्ष को याद करते हुए बताया कि वह रोज सुबह जल्दी उठकर उनके पिता की देखभाल करती थीं। सिद्धार्थ ने कहा- मेरी मां सुबह 5 बजे उठतीं, मेरे पिता को अकेले बाथरूम तक ले जातीं, उन्हें साफ करतीं, नहलातीं, वापस बिस्तर पर लिटातीं, हमारे लिए खाना बनातीं, हमें स्कूल भेजतीं और फिर काम पर जातीं।
-आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि उनकी मां छोटी-छोटी चीजों के लिए भी पैसे बचाती थीं। उन्होंने एक किस्सा बताते हुए कहा- मां घर से 9 किलोमीटर दूर काम पर जाती थीं। वह रिक्शा न लेकर पैसे बचातीं ताकि मेरे पिता के लिए मटन बोन सूप बना सकें। ऐसे में एक दिन जब मैंने मां से 7 रुपये का खिलौना मांगा था, तो उन्होंने पैसे न होने की बात कहकर मना कर दिया था।
घर में बढ़ती हिंसा और डर का माहौल
सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया- समय के साथ पिता की मानसिक स्थिति बदलने लगी थी और घर में हिंसा बढ़ गई थी। पिता अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे, यहां तक कि एक बार उन्होंने मां को बुरी तरह पीटा था। उन्होंने मेरी मां को मुक्के मारे और मेरी आंखों के सामने उनके दांत तोड़ दिए। हर दिन एक संघर्ष जैसा लगता था। ये हिंसा रोजमर्रा का हिस्सा बन चुकी थी और पूरा परिवार डर के साए में जीने लगा था।
बचपन में ही टूट गया था मन
सिद्धार्थ भारद्वाज ने बताया- स्कूल में मैं सामान्य दिखने की कोशिश करता था लेकिन घर लौटते ही फिर वही डर और मारपीट का सामना करना पड़ता था। उन्होंने इसे याद करते हुए कहा कि उस दौर में ऐसा लगता था जैसे भावनाएं खत्म हो चुकी हैं और जिंदगी सिर्फ संघर्ष बनकर रह गई है।
सिद्धार्थ ने पिता को बहुत मारा था
-सिद्धार्थ भारद्वाज ने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा- पापा मुझे बहुत पीटते थे। मेरी बहन को भी पीटते थे लेकिन कम क्योंकि वह उससे बहुत प्यार करते थे। जब मैं छोटा था, तब हालात बेहद बिगड़ते ही गए। जब मैं 16 साल का था, तब मैंने एक बार उन्हें वापस मारा। ये असहनीय हो गया था। मैं उन्हें मेरी मां को मारते हुए नहीं देख सकता था।
-सिद्धार्थ ने आगे कहा- मेरे अंदर कुछ टूट गया था। मुझे लगा कि अगर मैंने उन्हें वापस नहीं मारा, तो वो कभी नहीं रुकेंगे। इसलिए मैंने अपने कुत्ते की चेन ली और उससे अपने पिता को जमकर मारा था।
जब 16 साल की उम्र में किया पलटवार
-सिद्धार्थ भारद्वाज ने अपने जीवन के सबसे कठिन पल का जिक्र करते हुए बताया कि एक समय ऐसा आया था जब उन्होंने अपने पिता का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि वह अपनी मां को और पीटते हुए नहीं देख सकते थे, इसलिए 16 साल की उम्र में एक दिन उन्होंने खुद खड़े होकर उनका सामना किया। ये उनके जीवन का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ था।
-सिद्धार्थ ने बताया- कुछ समय बाद पापा की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार ने धीरे-धीरे अपने जीवन को संभाला। सिद्धार्थ ने आगे बताया कि उनकी बहन जया भारद्वाज की शादी भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर से हो चुकी है और परिवार एक नए अध्याय की ओर बढ़ चुका है।
कौन हैं सिद्धार्थ भारद्वाज?
-सिद्धार्थ भारद्वाज एक भारतीय अभिनेता, मॉडल और रिएलिटी शो स्टार हैं, जिन्होंने सबसे पहले टीवी रिएलिटी शो की दुनिया से पहचान बनाई थी।
-सिद्धार्थ भारद्वाज को असली पहचान 'MTV Splitsvilla Season 2' जीतने के बाद मिली। इस शो ने उन्हें युवाओं के बीच काफी पॉपुलर बना दिया। इसके बाद उन्होंने 'बिग बॉस 5' (Bigg Boss 5) में भी हिस्सा लिया था, जहां उनकी पर्सनैलिटी और एटीट्यूड ने उन्हें चर्चा में रखा था।
-रिएलिटी शोज के अलावा सिद्धार्थ भारद्वाज ने फिल्मों और टीवी में भी काम किया है। वह फिल्म 'दिल दोस्ती आदि' में नजर आए थे। इसके साथ ही उन्होंने कई टीवी शोज और इवेंट्स होस्ट भी किए हैं।
-साल 2019 में सिद्धार्थ लॉस एंजिल्स (अमेरिका) शिफ्ट हो गए थे, जहां उन्होंने एक्टिंग और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे बढ़ने की कोशिश की थी। कुछ समय बाद वह भारत लौटे और फिर से टीवी प्रोजेक्ट्स से जुड़े। हाल ही में वह रिएलिटी शो The 50 के जरिए फिर से भारतीय टेलीविजन पर नजर आए हैं।
दर्द से उभरकर पहचान बनाने की कहानी
सिद्धार्थ भारद्वाज की कहानी सिर्फ एक अभिनेता की नहीं बल्कि एक ऐसे इंसान की है जिसने कठिन हालातों का सामना करते हुए खुद को मजबूत बनाया। आज वह अपने अतीत को छुपाने के बजाय खुलकर इसे लोगों के सामने रखते हैं ताकि उनकी कहानी दूसरों के लिए प्रेरणा बन सके।













Click it and Unblock the Notifications