केआरके के मुरीद हुए शत्रुघ्न सिन्हा, बोले खुद से इंडस्ट्री में बनाई जगह, लगता है उनके खिलाफ षड़यंत्र हुआ
नई दिल्ली, 05 सितंबर। फिल्म आलोचक कमाल आर खान अक्सर अपने विवादित बयान, टिप्पणी की वजह से चर्चा में रहते हैं। जिस तरह से वह अपने यूट्यूब चैनल पर फिल्मों की समीक्षा करते उसकी वजह से भी वह विवाद में रहते हैं। अपने अलग तरह की शैली की वजह से लोग उन्हें पसंद भी करते हैं। लेकिन पिछले हफ्ते कमाल आर खान को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल कमाल आर खान ने 2020 में कुछ ट्वीट किए थे, जिसकी वजह से उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

खुद से हासिल किया ये मुकाम
लेकिन कमाल आर खान को अब फिल्म एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा का साथ मिला है। शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करके लिखा किसी को भी यह नहीं भूलना चाहिए कि कमाल आर खान ने तमाम विरोध और संघर्ष के बाद भी खुद को बनाया है, उन्हे ऊपरवाले का साथ है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है, समाज में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने खुद से अपनी जगह बनाई है।

आत्मविश्वास के धनी हैं केआरके
सिन्हा ने कहा कि केआरके का सबसे बड़ा धन उनका आत्मविश्वास है, वह बिना किसी डर और समर्थन की बात सोचे बोलते हैं। उन्हें उनके मन में जो है उसे बोलने से रोकना नहीं चाहिए। तमाम बाधाओं के बावजूद वह अपने मन की बात को कहने से नहीं रुकते हैं। हर किसी को कानून, संविधान के दायरे में रखते हुए अपनी राय रखने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। ऐसा लगता है कि वह षड़यंत्र और परिस्थितियों का शिकार हैं। ईश्वर उन्हे आशीर्वाद दे। आशा करता हूं, प्रार्थना करता हूं कि कमाल खान को जल्द से जल्द न्याय मिले, जिसके वह हकदार हैं। जय हिंद।

किस वजह से गिरफ्तार हुए
बता दें कि केआरके के वकील ने कहा है कि केआरके को अभिनेता अक्षय कुमार और लक्ष्मी बॉम्ब फिल्म के प्रोड्यूसर को लेकर किए गए ट्वीट के चलते गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा केआरके के खिलाफ यौन शोषण का भी केस है। जिसके बाद वर्सोवा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद 24वी एमएम कोर्ट में पेश किया। गौर करने वाली बात है कि केआरके फिलहाल दुबई में रहते हैं। केआरके को 2008 में उनकी फिल्म देशद्रोही से पहचान मिली थी। इस फिल्म को उन्होंने ही प्रोड्यूस किया था और खुद ही वह फिल्म के मुख्य अभिनेता थे।

विवादों से है नाता
फिल्म के बाद केआरके टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस में आए थे, यहां उनको अलग पहचान मिली थी। इसके बाद से उन्होंने फिल्म आलोचना शुरू कर दी और क्रिटिक बन गए। वह फिल्म, टीवी सीरियल और ट्रेलर्स को रिव्यू करते हैं। जिस तरह से वह विवादित बयान अभिनेताओं, अभिनेत्रियों और सिनेमा से जुड़े लोगों को लेकर देते हैं उसकी वजह से विवादों में रहते हैं। जिस तरह से वह खुलकर कुछ भी बयान अभिनेताओं को लेकर देते हैं, उसकी वजह से ट्विटर पर अक्सर वह आलोचना का शिकार होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications