Shah Rukh Khan: जानें शाहरुख खान की पिछली 5 फिल्मों की कमाई, इस एक फिल्म ने तोड़ दिए थे सारे रिकॉर्ड्स
Shah Rukh Khan: शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' ने आज यानी 7 सितंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होते ही धमाल मचा दिया है। मेकर्स को उम्मीद है कि ये फिल्म अपने ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाएगी। सिर्फ इतना ही नहीं शाहरुख खान की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन कई नए रिकॉर्ड्स बना सकती है और कई रिकॉर्ड्स तोड़ भी सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' अपने ओपनिंग डे पर 85 से 90 करोड़ रुपए तक की कमाई कर सकती है।
साल 2023 में रिलीज हुई शाहरुख खान की दोनों ही फिल्मों 'पठान' और 'जवान' ने बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल दिखाया है। जनवरी 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'पठान' बॉल्कबस्टर साबित हुई थी और उसने करोड़ों रुपयों का कारोबार किया था। वहीं आज पहले ही दिन फिल्म 'जवान' भी सिनेमाघरों में तबाही मचा रही है। ऐसे में लोग शाहरुख खान की पिछली कुछ फिल्मों की कुल कमाई के बारे में जानना चाह रहे हैं। आइए आपको बताते हैं शाहरुख खान की पिछली 5 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की थी।

पठान
शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' एक स्पाई मूवी है जिसके राइटर और डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद हैं। इस फिल्म को आदित्य चोपड़ा द्वारा उनके बैनर यश राज फिल्म्स के तहत निर्मित किया गया है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन इब्राहिम नजर आए थे। 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर 543.05 करोड़ रुपए की कुल कमाई की थी। शाहरुख खान ने इस फिल्म के जरिए करीब 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी।
जीरो
फिल्म 'जीरो' एक रोमांटिक मूवी है, जिसके राइटर हिमांशु शर्मा और डायरेक्टर आनंद राय हैं। इस फिल्म का निर्माण कलर्स येलो प्रॉडक्शन और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है। इस फिल्म में शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा नजर आई थीं। ये फिल्म 21 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शाहरुख खान की ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। करीब 200 करोड़ रुपए में बनीं इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 90.28 करोड़ रुपए ही कमाए थे।
जब हैरी मेट सेजल
शाहरुख खान की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'जब हैरी मेट सेजल' भी बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई थी इस फिल्म के डायरेक्टर और राइटर इम्तियाज अली हैं। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ अनुष्का शर्मा नजर आईं थीं। ये फिल्म 4 अगस्त 2017 को रिलीज हुई थी जो कि बॉक्स ऑफिस पर केवल 64.33 करोड़ रुपए ही कमा पाई थी।
रईस
शाहरुख खान की फिल्म 'रईस' एक दमदार एक्शन थ्रिलर मूवी है। इसका निर्देशन राहुल ढोलकिया ने किया है। वहीं इसका निर्माण फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और गौरी खान ने मिलकर किया है। इस फिल्म में शाहरुख खान, माहिरा खान और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी नजर आए थे। किंग खान की ये फिल्म 25 जनवरी 2017 को रिलीज हुई थी जो कि सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 137.51 करोड़ रुपए का कुल कारोबार किया था।
फैन
शाहरुख खान की फिल्म 'फैन' एक ऐसे लड़की की कहानी को दर्शाती है जो कि मूवी में एक स्टार का बहुत बड़ा फैन होता है। वह अपने फेवरेट स्टार से मिलने के लिए कुछ भी कर गुजर जाने को तैयार है। इस फिल्म का निर्देशन मनीष शर्मा ने किया है। इस फिल्म में शाहरुख खान ही लीड हीरो के तौर पर नजर आए हैं। वहीं इस फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई थी। ये मूवी 15 अप्रैल 2016 को रिलीज हुई थी। 85 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 84.10 करोड़ रुपए की कुल कमाई की थी।












Click it and Unblock the Notifications