महेश बाबू विवाद के बीच क्यों वायरल हो रहा है शाहरुख का 14 साल पुराना वीडियो?
नई दिल्ली, 13 मई: हाल ही में अदिवि शेष की फिल्म 'मेजर' के ट्रेलर लॉन्च पर साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू भी पहुंचे। इस दौरान उनसे पैन इंडिया में फिल्में रिलीज करने को लेकर सवाल किया गया। जिस पर उन्होंने ऐसा जवाब दिया कि लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। साथ ही उन्हें कई लोग घमंडी बता रहे हैं। इस बीच शाहरुख खान का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा, जिसके जरिए लोग महेश बाबू को विनम्रता सीखने को कह रहे हैं।

'बॉलीवुड टाइम नहीं खराब करूंगा'
दरअसल महेश बाबू से पूछा गया था कि वो सिर्फ तेलुगु में ही फिल्में लेकर आएंगे या उनका पैन इंडिया रिलीज का कोई प्लान है। इस पर एक्टर ने जवाब दिया कि मुझे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से कई ऑफर मिलते हैं, लेकिन मुझे पता है कि वो लोग मुझे अफोर्ड नहीं कर सकते। वो किसी ऐसी इंडस्ट्री में काम नहीं करेंगे, जो उन्हें अफोर्ड ही ना कर पाए। अभी उनके पास जो इज्जत, पैसा, नाम आदि है, वो सब साउथ की इंडस्ट्री से मिला है। वो बॉलीवुड में जाकर अपना टाइम नहीं खराब करेंगे।

बर्लिन फिल्म फेस्टिवल का है वीडियो
इस बयान के बाद महेश बाबू की काफी आलोचना हुई। अब कुछ लोगों ने शाहरुख खान का एक दशक से ज्यादा पुराना वीडियो खोज निकाला, जो 2008 के बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का है। उस दौरान एक रिपोर्टर ने उनसे सवाल पूछा कि क्या आपने कभी हॉलीवुड के बारे में सोचा है? क्या आप कभी वहां पर काम करना चाहते हैं? इस पर शाहरुख ने बड़ी ही विनम्रता से जवाब दिया।

किंग खान का ये था जवाब
शाहरुख ने कहा कि मेरी अंग्रेजी अच्छी नहीं है। अगर वो लोग मुझे गूंगे का रोल दें, जिसको बोलना ना हो, तो हो सकता है कुछ हो जाए। इसके अलावा मैं 42 साल का हो गया हूं, मेरा रंग थोड़ा ब्राउनिश है। मुझमें कोई स्पेशल टैलेंट नहीं है और ना ही मुझे कुंग फू आता है, मैं लैटिन सालसा पर डांस नहीं कर सकता, मैं ज्यादा लंबा भी नहीं हूं। शाहरुख ने आगे कहा कि जिसे आप ड्रीम फैक्ट्री कह रहे हैं वहां मेरे लिए कोई जगह नहीं है। मुझे ये भी लगता है कि मैं उतना टैलेंटेड भी नहीं हूं। मेरा मकसद हिंदी फिल्मों में काम करना और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।












Click it and Unblock the Notifications