Shah Rukh, Ajay Devgn और Tiger Shroff को FDA ने क्यों भेजा नोटिस? किस केस में फंसे एक्टर्स?
Shah Rukh, Ajay Devgn Tiger Shroff FDA Notice: बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के निशाने पर आ गए हैं। महाराष्ट्र FDA ने तीनों अभिनेताओं को विमल इलायची के विज्ञापन में काम करने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नियामक को आशंका है कि इलायची के नाम पर प्रसारित किया जा रहा विज्ञापन वास्तव में प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष या 'सरोगेट' प्रचार हो सकता है।
FDA ने तीनों से नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब और संबंधित दस्तावेज देने को कहा है। साथ ही विज्ञापन के प्रचार से जुड़े अपने सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य प्रचार सामग्री हटाने तथा आगे इसके प्रसारण या प्रचार में सहयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया है। आइए विस्तार से जानते हैं....

आखिर किस विज्ञापन को लेकर हुआ विवाद?
मामला विमल इलायची (Vimal Elaichi) के उस विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ नजर आते हैं। FDA के मुताबिक विज्ञापन में 'Vimal Elaichi' के नाम और ब्रांडिंग का इस्तेमाल ऐसा संबंध स्थापित करता प्रतीत होता है, जिससे उपभोक्ताओं के मन में विमल पान मसाला ब्रांड की पहचान मजबूत हो सकती है। नियामक का आरोप अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं है। नोटिस में FDA ने विज्ञापन को प्रथम दृष्टया ऐसा प्रचार माना है जो प्रतिबंधित उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार की श्रेणी में आ सकता है।
FDA को क्यों है आपत्ति?
महाराष्ट्र में तंबाकू और निकोटीन युक्त प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई होती रही है। FDA का कहना है कि विमल ब्रांड पान मसाला के साथ प्रमुख रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में 'इलायची' जैसे दूसरे उत्पाद के जरिए उसी ब्रांड की पहचान को बढ़ावा देना सरोगेट विज्ञापन का मामला हो सकता है। FDA ने इसी आधार पर यह सवाल उठाया है कि क्या विज्ञापन वास्तव में एक अलग इलायची उत्पाद का प्रचार है या फिर प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड को अप्रत्यक्ष रूप से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का माध्यम।
एक्टर्स से क्या-क्या पूछा गया?
नोटिस में तीनों अभिनेताओं से केवल जवाब ही नहीं, बल्कि विज्ञापन से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं। FDA यह जानना चाहता है कि विज्ञापन में शामिल होने से पहले अभिनेताओं या उनकी एजेंसियों ने उत्पाद और उसके प्रचार की प्रकृति को लेकर किस तरह की ड्यू डिलिजेंस की थी। उनसे विज्ञापन और ब्रांड से जुड़े कई दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिनमें शामिल हैं...
- विज्ञापन या एंडोर्समेंट एग्रीमेंट की जानकारी
- अभियान से संबंधित ब्रीफ
- उत्पाद की जानकारी
- भुगतान और एंडोर्समेंट व्यवस्था का विवरण
- विज्ञापन एजेंसी और ब्रांड मालिक की जानकारी
- किन टीवी चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलाया गया
- विज्ञापन कितने समय तक प्रसारित या प्रकाशित हुआ
FDA यह भी जानना चाहता है कि विज्ञापन में शामिल कलाकारों और विज्ञापनदाता या ब्रांड मालिक के बीच कोई महत्वपूर्ण व्यावसायिक संबंध है या नहीं।
विज्ञापन हटाने का भी निर्देश
महाराष्ट्र FDA ने तीनों अभिनेताओं से कहा है कि वे विमल इलायची/विमल पान मसाला से संबंधित अपने प्रचार को तुरंत रोकें। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, वेबसाइट या उनके नियंत्रण वाले दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मौजूद संबंधित प्रचार सामग्री को हटाने को भी कहा गया है। इसके अलावा उन्हें विज्ञापन के प्रसारण, प्रकाशन, प्रसार या प्रचार में किसी भी तरह की आगे की सहायता नहीं करने के लिए कहा गया है।
15 दिन में देना होगा जवाब
FDA ने अभिनेताओं को नोटिस प्राप्त होने के बाद 15 दिन का समय दिया है। वे लिखित स्पष्टीकरण के साथ जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके अलावा उन्हें व्यक्तिगत सुनवाई की मांग करने का विकल्प भी दिया गया है। वे खुद या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। FDA ने स्पष्ट किया है कि अगर निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलता है या दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता, तो बिना किसी और नोटिस के आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
