'Satish Shah का पिंड दान साराभाई की टीम ने किया', राजेश कुमार ने बयां किया दर्द, कैसे हुई थी एक्टर की मौत?
Satish Shah Pind Daan: टीवी इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक में अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन (Satish Shah Death) ने साल 2025 में लोगों को गहरा झटका दिया था। उनकी कमी आज भी उनके साथ काम कर चुके कलाकारों को महसूस होती है। खासकर पॉपुलर शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' (Sarabhai Vs Sarabhai) की टीम के लिए ये क्षति बेहद व्यक्तिगत रही।
सतीश शाह की मौत पर राजेश कुमार का बड़ा खुलासा
अब शो में दिवंगत एक्टर सतीश शाह के साथ काम कर चुके अभिनेता राजेश कुमार (Rajesh Kumar)ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को भावुक कर दिया है। राजेश कुमार ने एक इंटरव्यू में अपने दोस्त और सहकर्मी सतीश शाह को याद करते हुए बताया है कि वह बेहद जिंदादिल और एनर्जी से भरे इंसान थे।

'राजा की तरह जीते थे सतीश शाह'
राजेश कुमार ने ये भी बताया कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद सतीश शाह ने कभी भी अपनी तकलीफों को अपने व्यवहार पर हावी नहीं होने दिया था। राजेश कुमार ने कहा- सतीश शाह डायलिसिस पर थे और किडनी ट्रांसप्लांट भी हो चुका था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी शिकायत नहीं की। वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे और जीवन को एक राजा की तरह जीते थे।
शम्मी कपूर से लेते थे प्रेरणा
राजेश कुमार ने बताया कि सतीश शाह दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर से काफी प्रेरित थे। जिस तरह शम्मी कपूर ने अपने जीवन के अंतिम दौर में भी हिम्मत नहीं हारी थी, उसी तरह सतीश शाह ने भी अपनी परेशानियों को कभी किसी के सामने जाहिर नहीं होने दिया।
आखिरी दिनों तक रहे खुशमिजाज
राजेश कुमार ने भावुक होकर बताया कि सतीश शाह से उनकी आखिरी बातचीत निधन से कुछ ही दिन पहले हुई थी। उस समय भी वह पहले की तरह हंसमुख और प्यार से भरे हुए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि ये उनकी आखिरी बातचीत होगी।
'साराभाई वर्सेज साराभाई' की टीम ने निभाई अनोखी जिम्मेदारी
-सबसे भावुक करने वाला खुलासा तब हुआ जब राजेश कुमार ने बताया कि सतीश शाह की कोई संतान नहीं थी, ऐसे में साराभाई वर्सेस साराभाई शो की पूरी टीम ने मिलकर उनका पिंडदान किया था।
-राजेश कुमार, जो खुद गया से ताल्लुक रखते हैं, ने बताया कि ये निर्णय शो की पूरी टीम ने मिलकर लिया था ताकि सतीश शाह को विधि-विधान से अंतिम सम्मान दिया जा सके। ये कदम उनके प्रति कलाकारों के गहरे सम्मान और प्रेम को दर्शाता है।
-राजेश कुमार ने आगे कहा- आज भी जब हम साराभाई ग्रुप पर मैसेज करते हैं, तो हमें सतीश शाह की याद आ ही जाती है। हम जो कुछ भी शेयर करते हैं, किसी न किसी तरह उनसे जुड़ा होता है। अगर वो यहां होते तो राकेश बेदी को 'धुरंधर' के लिए इतना प्यार मिलते देखकर उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होती। सती शाह, डेविड धवन और राकेश बेदी, तीनों बैचमेट थे।
सतीश शाह की मौत की असली वजह क्या थी?
शुरुआती खबरों में सतीश शाह की मौत की वजह किडनी फेलियर बताई गई थी। हालांकि बाद में राजेश कुमार ने स्पष्ट किया था कि उन्हें किडनी से जुड़ी समस्या जरूर थी लेकिन उनका निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ था।
यादगार किरदारों से बनी पहचान
सतीश शाह ने अपने लंबे करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्मों और टीवी दोनों ही माध्यमों में उनकी शानदार मौजूदगी रही। 'जाने भी दो यारो' और 'साराभाई वर्सेस साराभाई' जैसे प्रोजेक्ट्स ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी। इसके अलावा 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'मैं हूं ना' और 'रा.वन' जैसी फिल्मों में भी उनके अभिनय को खूब सराहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications