'वो राजा कि तरह जीते थे', Sanjay Gupta की मौत के 2 दिन बाद ये बोल गईं पत्नी अनुराधा? सदमे में परिवार
Sanjay Gupta Death: फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक दुनिया से चले जाने के बाद उनका परिवार गहरे सदमे में है। पति को खोने के दर्द के बीच पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में उन्होंने संजय को अपनी जिंदगी का सबसे खास इंसान बताते हुए उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद किया।
संजय गुप्ता के निधन से सदमे में परिवार
फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने 30 अक्टूबर 2026 को अंतिम सांस ली थी। बताया गया कि घर के किचन में गिरने के बाद उनका निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं परिवार के लिए इस नुकसान को स्वीकार करना बेहद मुश्किल हो रहा है। अब उनकी पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक मैसेज लिखकर अपने पति को याद किया है। उनकी पोस्ट से साफ झलकता है कि संजय गुप्ता उनके लिए सिर्फ जीवनसाथी ही नहीं बल्कि सबसे अच्छे दोस्त और परिवार की ताकत भी थे।

'वो मेरे टॉम थे और मैं उनकी क्वीन'
-अनुराधा लेखी गुप्ता ने अपनी पोस्ट में संजय गुप्ता के मजाकिया अंदाज, पॉजिटिव सोच और शानदार व्यक्तित्व का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि संजय गुप्ता उन्हें प्यार से परेशान करने वाले उनके 'टॉम' थे और वह उनकी 'क्वीन' थीं। अनुराधा के मुताबिक संजय गुप्ता उनके परिवार की रीढ़ और उनकी पहचान से जुड़े सबसे मजेदार इंसान थे।
-अनुराधा लेखी ने संजय गुप्ता को बेहद सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन पिता और शानदार कहानीकार थे। अनुराधा ने ये भी लिखा कि इन तमाम खूबियों से बढ़कर संजय का दिल बहुत बड़ा था। वह ऐसे इंसान थे, जिनकी दरियादिली को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।
एक आमलेट ने जीत लिया था अनुराधा लेखी का दिल
-अनुराधा लेखी ने अपनी प्रेम कहानी के कुछ बेहद खास और दिलचस्प पल भी शेयर किए। उन्होंने बताया कि संजय गुप्ता ने उन्हें पहली बार अपने हाथों का आमलेट खिलाकर ही अपना दीवाना बना लिया था। उनके मुताबिक वैसा आमलेट उन्होंने जिंदगी में फिर कभी नहीं खाया। अनुराधा ने ये भी याद किया कि संजय गुप्ता ने उन्हें घुटनों के बल बैठकर शादी के लिए प्रपोज किया था।
-अपने पति को याद करते हुए अनुराधा ने लिखा कि संजय ने जिंदगी किसी राजा की तरह जी। उनका दिल उनके सीने से भी कहीं बड़ा था। वह बेहद नरम दिल इंसान थे और इंडस्ट्री की दुनिया के लिए शायद जरूरत से ज्यादा भोले थे। अनुराधा के अनुसार संजय गुप्ता ने कभी किसी के लिए मन में नफरत या कड़वाहट नहीं रखी। वह दोस्तों के सच्चे दोस्त थे और मेहमानों की खातिरदारी करने में भी उनका कोई जवाब नहीं था।
'मैं उनके साथ और कई साल बिताना चाहती थी'
-अनुराधा लेखी की पोस्ट का सबसे भावुक हिस्सा वह है, जिसमें उन्होंने संजय गुप्ता के साथ और वक्त बिताने की अपनी अधूरी ख्वाहिश जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह उनके साथ जिंदगी के कई और साल बिताना चाहती थीं लेकिन फिलहाल उनके लिए एक और दिन साथ मिल जाना भी काफी होता।
-पोस्ट के आखिर में अनुराधा लेखी ने संजय गुप्ता के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए उन्हें 'गुप्स' और 'हनी' कहकर याद किया। उन्होंने एक बेहद निजी और भावुक अंदाज में लिखा कि उन्हें बताया गया है कि संजय अब भी उनका पीछा नहीं छोड़ेंगे और उन्होंने उनसे ऐसा न करने की गुजारिश की। इन शब्दों में पति को खोने का दर्द और उनसे जुड़ी यादों की गहराई साफ महसूस होती है।
दो बार शादी के बंधन में बंधे थे संजय और अनुराधा
-संजय गुप्ता और अनुराधा लेखी गुप्ता की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों ने साल 1997 में शादी की थी लेकिन 2003 में उनका तलाक हो गया था। हालांकि समय के साथ दोनों फिर करीब आए और साल 2009 में दोबारा शादी कर ली। उनके परिवार में एक बेटी दलाई और एक बेटा शिवांश हैं।
-संजय गुप्ता ने हिंदी सिनेमा को 'कांटे', 'मुसाफिर', 'शूट आउट एट वडाला' और 'काबिल' जैसी फिल्में दी थीं। उनके निधन से इंडस्ट्री ने एक फिल्ममेकर खो दिया है, वहीं अनुराधा की भावुक पोस्ट ने उनके निजी जीवन के उस पहलू को सामने रखा है, जहां वह एक फिल्मकार से कहीं बढ़कर प्यार करने वाले पति, पिता और दोस्त थे।


Click it and Unblock the Notifications
