धमकी मिलने के बाद बढ़ाई गई सलमान खान की सिक्योरिटी, कई बॉडीगार्ड भी सुरक्षा में तैनात
सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को धमकी भरा पत्र मिलाने के बाद से ही दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच सोमवार को सलमान के साथ मुंबई के कलिना एयरपोर्ट पर पुलिस सिक्योरिटी देखी गई।
मुंबई, 7 जून: हाल ही में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को धमकी भरा पत्र मिला। इसके बाद से ही दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच सोमवार को सलमान के साथ मुंबई के कलिना एयरपोर्ट पर पुलिस सिक्योरिटी देखी गई। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सलमान खान की कार एयरपोर्ट पहुंची और फिर एक पुलिस ऑफिसर कार से उतरा। इसके बाद एक अन्य बॉडीगार्ड सलमान के पर्सनल बॉडीगार्ड शेरा के साथ पुलिसवाला सलमान को ले जाते हैं।

सलमान को मिली धमकी
बताते चलें कि कल यानी रविवार को सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद से उनकी सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र गृह मंत्रालय ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। सलमान खान के पिता सलीम खान को 5 जून को एक लेटर मिला था, जिसमें उन्हें और उनके बेटे सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस लेटर में लिखा था कि पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की तरह ही सलमान खान का हाल भी किया जाएगा। लेटर को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र गृह मंत्रालय ने सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया।
सिद्धू मूसेवाला की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 29 मई को पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या को पंजाब के कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अंजाम दिया था, जिसकी पुष्टि गैंग के एक अन्य सदस्य गोल्डी बराड़ ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिये की थी। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई ने साल 2018 में सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। गनीमत रही कि मंसूबों में कामयाब होने से पहले ही पुलिस ने स गैंगस्टर को धर दबोचा।
CCTV खंगाल रही पुलिस
फिल्हाल सलमान खान और उनके पिता को धमकी मिली है। ऐसे में पुलिस द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कहीं सलमान खान को ये धमकी बिश्नोई ग्रुप ने तो नहीं दी है। जानकारी के मुताबिक जांचकर्ताओं ने उस व्यक्ति की पहचान करने के लिए इलाके में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज इकट्ठे किए हैं, जिसने लेटर को बांद्रा बैंडस्टैंड की एक बेंच पर गिराया था, जहां सलीम खान रविवार को मॉर्निंग वॉक के बाद बैठे थे।












Click it and Unblock the Notifications