'चाहे सलमान खान हों या फिर...' आनंद दुबे ने महाराष्ट्र की सुरक्षा पर उठाए सवाल, शिंदे सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Salman Khan House Firing: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। 14 अप्रैल की सुबह बांद्रा स्थित गैलेक्सी आपार्टमेंट के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह के लगभग 4.50 बजे दो अज्ञात लोग बाइक पर आए थे और गोलीबारी करके भाग गए।
इस मामले में फिलहाल मुंबई पुलिस जांच कर रही है। वहीं शिवसेना उद्धव गुट के प्रवक्ता आनंद दूबे ने इस पर प्रतिक्रिया दी है और कहा कि आम जनता के अलावा कोई भी महाराष्ट्र में सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र की सरकार पर जमकर हमला बोला।

आनंद दूबे ने कहा कि, 'सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हो गई है। सरकार को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए, यहां अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। चाहे सलमान खान हों या कोई आम आदमी मुंबई और महाराष्ट्र में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं करता है।
आनंद दूबे ने आगे कहा कि, 'आपने देखा होगा कि हाल ही में डोंबिवली में एक विधायक पर फायरिंग हुई थी। आज सुबह सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई। ये कैसी कानून व्यवस्था है? गृह मंत्री, मुख्यमंत्री जी आप कहां हैं? अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को इस घटना पर संज्ञान लेना चाहिए। पहले लोग महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था और सुरक्षा की चर्चा करते थे अब वो दिन हमें वापस लाने होंगे। ये जो सरकार इस समय सत्ता पर बैठी है उनको जवाब देना होगा जनता के प्रति जिम्मेदारी लेना होगी। इन सब पर ध्यान ना देकर केवल विरोधियों और विपक्ष के लोगों को खत्म करने का सरकार प्लानिंग करती है। जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।'
बता दें कि, इससे पहले सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी वजह से एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। लॉरेंस ने जेल से एबीपी को दिए इंटरव्यू में कहा था कि सलमान खान को हिरण मामले में बीकानेर में हमारे मंदिर में जाकर माफी मांगनी होगी। इस धमकी के बाद एक्टर को वाई प्लस सुरक्षा दी गई है। खैर गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई गोलीबारी का सीसीटीवी फूटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications