'वह मुझे मारना चाहते थे' जब रवि किशन के पिता ही बन गए थे दुश्मन, एक्टर ने बताया कैसे बचाई जान
Ravi Kishan Father: बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता रवि किशन इन दिनों फिल्म लापता लेडीज में दरोगा का रोल निभाकर खूब चर्चा में हैं। इस बीच एक्टर ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने परिवार से जुड़े कई राज खोले। एक्टर ने बताया कि उनके अपने पिता से अच्छे संबंध नहीं थे।
रवि किशन ने 'ब्रूट' को दिए इंटरव्यू में बताया कि पिता के गुस्से की वजह से उन्हें घर छोड़ के जाना पड़ा था। वह शुरू में रवि किशन की एक्टिंग करने के फैसले से खुश नहीं थे। एक्टर ने कहा, 'जब मैंने पड़ोस की रामलीला में अभिनय करना शुरू किया तो ये देखकर मेरे पिता बहुत हैरान थे और उन्होंने मुझे इसके लिए खूब डांट भी लगाई थी। बात यहां तक बढ़ गई थी पिता ने खूब पिटाई की थी।'

रवि किशन ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा कि, 'मेरे पिता मुझे बहुत बुरी तरह से पीट रहे थे और वह मुझे हथौड़े से मार रहे थे। वह मुझे मारना चाहते थे और मेरी मां को पता था कि उनके पति मुझे मार सकते हैं। उन्होंने ये सोचने में जरा भी देरी नहीं की और मुझसे कहा कि तुम यहां से भाग जाओ।'
रवि किशन ने आगे बताया कि पिता के इस रवैये की वजह से उन्होंने 17 साल की उम्र में घर से भागने का फैसला किया और हाथ में केवल 500 का नोट लेकर वह मुंबई के लिए ट्रेन में रवाना हो गए। एक्टर ने कहा कि, 'मेरे पिता की मार मेरे लिए सीख थी। वह अगर मुझे मारते नहीं तो मैं जिंदगी में बहुत कुछ नहीं सीख पाता। आज मैं उन्हीं की वजह से रवि किशन बन पाया हूं।'
अभिनेता ने आगे कहा कि, 'उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि परिवार में कोई कलाकार भी पैदा हो सकता है। लेकिन जब मैंने खूब सारा पैसा कमाना शुरू कर दिया था तो पिता काफी खुश हो गए थे। यहां तक कि उनके मरने से पहले आंखों में आंसू थे और सीना चौड़ा करके उन्होंने कहा था कि तुम हमारे गौरव हो।'












Click it and Unblock the Notifications