सिकंदर फ्लॉप होने के सालभर बाद रश्मिका मंदाना ने तोड़ी चुप्पी, इस पर मढ़ दिया दोष!
सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' रिलीज के समय भले ही चर्चा में रही हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। फिल्म के फ्लॉप होने के कई महीनों बाद अब साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने इस असफलता पर पहली बार खुलकर बात की है। सलमान खान के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आईं रश्मिका ने फिल्म की नाकामी की एक अहम वजह का खुलासा किया है।

एआर मुरुगादॉस के निर्देशन में बनी 'सिकंदर' 30 मार्च को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को लेकर सलमान खान के फैंस में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों को बांधने में नाकाम रही। नतीजतन, इसका बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा। अब रश्मिका मंदाना ने बताया है कि फिल्म की स्क्रिप्ट में हुए बदलाव भी इसकी असफलता का कारण बने।
तेलुगु पत्रकार प्रेमा को दिए गए इंटरव्यू में रश्मिका ने कहा कि उन्हें जो कहानी सुनाई गई थी, वह फिल्म के अंतिम रूप से काफी अलग थी। उनके मुताबिक, जब एआर मुरुगादॉस ने उन्हें 'सिकंदर' की स्क्रिप्ट सुनाई थी, तब कहानी और ट्रीटमेंट बिल्कुल अलग नजर आ रहे थे। रश्मिका ने माना कि स्क्रिप्ट सुनते वक्त फिल्म काफी प्रभावशाली लगी थी, लेकिन बाद में कई चीजें बदल गईं।
अभिनेत्री ने यह भी साफ किया कि इस तरह के बदलाव फिल्म इंडस्ट्री में कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर फिल्मों की कहानी शूटिंग के दौरान, कलाकारों की परफॉर्मेंस, एडिटिंग और रिलीज से जुड़े फैसलों के चलते बदलती रहती है। उनके अनुसार, कहानी में बदलाव होना एक सामान्य प्रक्रिया है और 'सिकंदर' के साथ भी यही हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान की इस फिल्म का बजट करीब 200 करोड़ रुपये बताया गया था। वहीं बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म दुनियाभर में लगभग 185 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन कर पाई, जिससे यह अपनी लागत भी पूरी नहीं कर सकी। यही वजह रही कि इसे बॉक्स ऑफिस पर असफल फिल्मों की सूची में रखा गया।
'सिकंदर' एक मल्टी-स्टारर फिल्म थी, जिसमें सलमान खान और रश्मिका मंदाना के अलावा सत्यराज, काजल अग्रवाल, शरमन जोशी, संजय कपूर और विकास वर्मा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। हालांकि दमदार स्टारकास्ट और बड़े बजट के बावजूद फिल्म दर्शकों पर खास असर नहीं छोड़ पाई।












Click it and Unblock the Notifications