लता मंगेशकर का गाना गाकर हिट हुईं रानू मंडल को मिला बांग्लादेश से ऑफर, इस एक्टर के साथ करेंगी काम
नई दिल्ली, नवंबर 08। साल 2019 में इंटरनेट की दुनिया ने एक महिला को स्टार बना दिया था और महिला स्टार बनी थी अपनी आवाज की वजह से, जिन्होंने लता मंगेशकर का एक गाना गाया और वो गाना ऐसा वायरल हुआ कि वो महिला बॉलीवुड तक पहुंच गई। जी हां, हम बात कर रहे हैं रानाघाट के बेगोपारा की रहने वाली रानू मंडल की, जो अब बांग्लादेशी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं।

अलोम की फिल्म में गाना गाएंगी रानू मंडल
दरअसल, रानू मंडल बांग्लादेश की फिल्मों के लिए दो गाने गा रही हैं, जिन्हें बांग्लादेशी हीरो और सोशल मीडिया स्टार अशरफुल अलोम सईद उर्फ हीरो अलोम द्वारा निर्मित किया जा रहा है। 3 नवंबर को हीरो अलोम ने फेसबुक पर रानू मंडल के साथ हुई बातचीत की एक क्लिप शेयर की थी। इस क्लिप के साथ ही उन्होंने ये बताया था कि रानू मंडल उनके साथ काम करने जा रही हैं।

20 नवंबर को आएगा रानू मंडल का गाना
अलोम ने इस वीडियो में बताया था कि रानू मंडल उनकी दो फिल्मों के लिए गाना गाएंगी। ये फिल्म 20 नवंबर को आएगी। आपको बता दें कि रानू मंडल और अलोम की बातचीत वाले वीडियो को अभी तक 5 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया है और 2 हजार से अधिक लोगों ने उस वीडियो पर कमेंट किया है।

कौन हैं रानू मंडल?
आपको बता दें कि बॉलीवुड में अपनी आवाज से सनसनी पैदा करने वालीं रानू मंडल को 2019 में लता मंगेशकर के एक फेमस सॉन्ग 'एक प्यार का नगमा है' को गाने से लोकप्रियता मिली थी। उनके वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स ने उनकी आवाज की तारीफ की थी। रानू मंडल को एक सिंगिंग रियलिटी शो में आने के लिए भी आमंत्रित किया गया था, जहां हिमेश रेशमिया ने उनसे अपनी फिल्म 'हैप्पी हार्डी एंड हीर' के लिए गाने का अनुरोध किया था।












Click it and Unblock the Notifications