'शूटिंग के दौरान संजय लीला भंसाली ने मुझे मारा और गालियां दीं', सालों बाद रणबीर ने बताई इसके पीछे की वजह
नई दिल्ली, 15 दिसंबर: हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार राज कपूर के जन्मदिन पर उनके फैन्स ने उन्हें याद किया। इस बीच बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर ने दादा के जन्मदिन के मौके पर उनकी बायोग्राफी 'राज कपूर : द मास्टर एट वर्क' को लॉन्च किया। साथ ही परिवार और अपने करियर से जुड़ी बातें शेयर कीं। रणबीर ने वो किस्सा भी सुनाया, जब संजय लीला भंसाली के साथ काम करने पर उन्हें मार पड़ती थी।

चाचा ने कही थी ये बात
रणबीर के मुताबिक उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ब्लैक में उन्हें असिस्ट किया था। उस वक्त उनके साथ सेट पर जो व्यवहार हुआ, उसने दुनिया के लिए उन्हें तैयार किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के निर्माता अब फिल्म में सिर्फ बिजनेस वाला पहलू देखते हैं। एक बार उनके चाचा रणधीर कपूर ने कहा था कि फिल्मों का राज कपूर युग खत्म हो गया है। उन्होंने ये भी बताया था कि बॉबी की शूटिंग के दौरान उन्होंने पैसे नहीं गिने और गुलमर्ग में छतों को पेंट करवाया।

मारने के साथ दीं गालियां
उन्होंने आगे डायरेक्टर्स का बचाव भी किया। रणबीर ने कहा कि ऐसा नहीं है कि सभी निर्माता केवल बिजनेस एंगल के पीछे भाग रहे, जब मैंने संजय लीला भंसाली के साथ ब्लैक में काम किया था, तो वो वास्तव में मुझे असिस्टेंट डायरेक्टर मानते थे। इस वजह से वो मुझे मारते और गालियां देते थे। साथ ही मैं घंटों तक घुटने पर बैठा रहता था। इस सब के पीछे उनकी वजह हमें दुनिया के लिए मजबूत करना था।

आलिया के साथ आएंगे नजर
वहीं करियर की बात करें तो रणबीर की ब्रह्मास्त्र रिलीज के लिए तैयार है। ये आलिया के साथ उनकी पहली फिल्म है। इसमें अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, नागार्जुन अक्किनेनी और डिंपल कपाड़िया भी नजर आएंगी। वहीं अयान के साथ रणबीर की ये तीसरी फिल्म है, इससे पहले वे 'वेक अप सिड' और 'ये जवानी है दीवानी' में साथ काम कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications