'राहा रोज सुबह हनुमान चलीसा सुनती है', KBC के सेट पर रणबीर कपूर ने खोला ऐसा राज, चौंक गए लोग
Ranbir Kapoor: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। आलिया भट्ट के साथ उनकी प्रेम कहानी, शादी और बेटी राहा से जुड़ी बातें फैंस की दिलचस्पी का हिस्सा बनी रहती हैं। हाल ही में रणबीर ने पॉपुलर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अपनी जिंदगी के कुछ खास पल साझा किए। इस दौरान उन्होंने बताया कि आलिया को शादी के लिए प्रपोज करते समय उनकी हालत कैसी थी। साथ ही एक्टर ने बेटी राहा की सुबह से जुड़ी ऐसी बात बताई, जिसे सुनकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी खुश हो गए।
आलिया को प्रपोज करने के लिए रणबीर ने पहले ही बना लिया था प्लान
'कौन बनेगा करोड़पति' के दिवाली स्पेशल एपिसोड में रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट को प्रपोज करने के किस्से को याद किया। उन्होंने बताया कि इस खास पल को यादगार बनाने के लिए उन्होंने पहले से तैयारी कर रखी थी। रणबीर कपूर ने अपने गाइड और ड्राइवर को भी इस योजना में शामिल किया था। उन्होंने उसे पहले ही टिप देकर कहा था कि वह उन्हें जंगल के बीच किसी जगह पर रोक दे।

'मेरी शेरनी सामने थी और मैं चूहा बनकर घुटनों पर था'
-रणबीर कपूर चाहते थे कि जब वह आलिया के सामने शादी का प्रस्ताव रखें, तो उस पल की तस्वीर भी खींची जाए। इसके लिए वह अंगूठी लेकर पहुंचे थे और उन्होंने दूर से फोटो लेने की योजना बनाई थी। हालांकि उस समय का माहौल उनकी कल्पना से कुछ अलग था।
-आलिया भट्ट को प्रपोज करने के अनुभव को याद करते हुए रणबीर ने मजाकिया अंदाज में बताया कि वह घुटनों पर बैठकर आलिया से शादी के लिए पूछ रहे थे जबकि आसपास का माहौल उन्हें थोड़ा नर्वस कर रहा था। उन्होंने अमिताभ बच्चन से कहा-'मैं अंगूठी लाया था कि मैं अपने घुटनों पर जाऊंगा और आप दूर से फोटोग्राफ खींचना। क्योंकि लड़कियों को फोटोग्राफ का बहुत शौक है, इंस्टाग्राम पर डालने का। तो मैंने सोचा कि ये बहुत जरूरी था आलिया के लिए।
-इसके बाद रणबीर कपूर ने अपने अंदाज में उस पल का वर्णन करते हुए कहा कि एक तरफ तीन बब्बर शेर थे और उनके सामने उनकी शेरनी यानी आलिया खड़ी थीं। ऐसे में वह खुद को चूहा समझते हुए घुटनों पर बैठकर उनसे पूछ रहे थे कि क्या वह उनसे शादी करेंगी।
-रणबीर कपूर की इस बात ने शो में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया। उनके बयान से ये भी जाहिर हुआ कि आलिया को प्रपोज करना उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा।
दोस्ती, भरोसा और सम्मान को रिश्ते की असली नींव मानते हैं रणबीर कपूर
-शो के दौरान रणबीर कपूर ने अपने वैवाहिक रिश्ते को लेकर भी विचार शेयर किए। उन्होंने कहा कि किसी भी रिश्ते की मजबूती के पीछे दोस्ती की अहम भूमिका होती है। उनके मुताबिक प्यार दो लोगों को जोड़ता है, विश्वास उनके रिश्ते को मजबूत बनाता है और सम्मान उसे लंबे समय तक कायम रखता है।
-रणबीर कपूर ने कहा- हमारे रिश्ते की जो नींव है, जो जड़ है, वह दोस्ती है। मैं हमेशा से यह मानता हूं कि प्रेम एक रिश्ते को जोड़ता है, विश्वास एक रिश्ते को मजबूत बनाता है और सम्मान एक रिश्ते को कायम रखता है। मेरे हिसाब से ये किसी भी रिश्ते की अहम नींव हैं।
-रणबीर कपूर की ये बात उनके और आलिया के रिश्ते को समझने का एक खास नजरिया पेश करती है। दोनों ने कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी की थी। रणबीर और आलिया की मुलाकात फिल्म 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन-शिवा' के दौरान और करीब आई थी। इसके बाद दोनों ने 14 अप्रैल 2022 को शादी कर ली।
बेटी राहा की सुबह अमिताभ बच्चन की हनुमान चालीसा से होती है शुरू
-रणबीर कपूर ने बातचीत के दौरान अपनी बेटी राहा से जुड़ी एक खास बात भी बताई। उन्होंने कहा कि राहा के जन्म के बाद से उनके घर में सुबह की शुरुआत अमिताभ बच्चन की आवाज में गाई गई हनुमान चालीसा से होती है।
-रणबीर कपूर ने अमिताभ बच्चन से कहा- जब से मेरी बेटी राहा पैदा हुई है, ऐसा कोई दिन नहीं गुजरा है जब हमने सुबह की शुरुआत आपकी गाई हुई हनुमान चालीसा से नहीं की हो। ये सुनकर अमिताभ बच्चन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा- 'वाह, क्या बात है।
-रणबीर कपूर की इस बात ने उनके परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी की एक झलक दिखाई। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट गत 6 नवंबर 2022 को बेटी राहा के माता-पिता बने थे। दोनों अपनी बेटी को लेकर काफी निजी रहते हैं और आमतौर पर उसे मीडिया की नजरों से दूर रखने की कोशिश करते हैं। ऐसे में राहा की दिनचर्या से जुड़ा यह खुलासा चर्चा में आ गया है।
'रामायण' में भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे रणबीर कपूर
-रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट में वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।
-फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है जबकि दूसरे भाग को दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है। दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं और रणबीर के भगवान राम के रूप को देखने के लिए भी फैंस उत्साहित हैं।


Click it and Unblock the Notifications
