Income Tax Raid पर रकुल प्रीत सिंह का बड़ा बयान, सामने रखा ऐसा सच, बोलीं- मेरा कोई लेना-देना नहीं
Rakul Preet Singh Income Tax Raid: बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने अपने ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी (Vashu Bhagnani) से जुड़े इनकम टैक्स सर्च ऑपरेशन को लेकर पहली बार सार्वजनिक तौर पर सफाई दी है। कुछ दिनों पहले मुंबई में रकुल प्रीत सिंह, वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई की खबर सामने आई थी। अब एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी कर कहा है कि ये तलाशी उनके खिलाफ या उनसे जुड़ी नहीं थी।
इनकम टैक्स रेड मामले में रकुल प्रीत सिंह ने तोड़ी चुप्पी
रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान में खुद को कानून का पालन करने वाली नागरिक बताते हुए कहा कि वह नियमित रूप से इनकम टैक्स भरती हैं। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उनका किसी भी तरह के गैरकानूनी विदेशी लेन-देन या बेनामी संपत्ति से कोई संबंध नहीं है।

'इनकम टैक्स की तलाशी मुझसे जुड़ी नहीं थी'
-रकुल प्रीत सिंह ने आज यानी 5 अक्तूबर 2026 (सोमवार) सुबह अपने एक्स हैंडल और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक विस्तृत पोस्ट शेयर की है। उन्होंने मीडिया में चल रही खबरों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि बिना तथ्यों की पूरी पड़ताल किए किसी मामले को सनसनीखेज बनाना सही नहीं है।
-एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि आयकर विभाग की जो तलाशी हुई थी, उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनका नाम जिस तरह से जोड़ा जा रहा है, उससे उन्हें दुख पहुंचा है। रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान में मीडिया से तथ्यों की जांच करने की अपील भी की और कहा कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा से जुड़ी खबरों को प्रकाशित करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।
'20 साल की उम्र से भर रही हूं टैक्स'
-रकुल प्रीत सिंह ने अपने पारिवारिक बैकग्राउंड का जिक्र करते हुए कहा कि वह सशस्त्र बलों से जुड़े परिवार से आती हैं। उन्होंने ये भी बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा और उन्होंने अपनी पहचान अपने दम पर बनाई है।
-एक्ट्रेस के मुताबिक वह कानून का पालन करने वाली जिम्मेदार नागरिक हैं और करीब 20 साल की उम्र से नियमित रूप से अपने टैक्स का भुगतान करती आ रही हैं। रकुल प्रीत सिंह ने ये भी कहा कि उनकी मेहनत और प्रोफेशनल सफर को लेकर किसी तरह की गलत धारणा नहीं बनाई जानी चाहिए।
विदेशी लेन-देन और बेनामी संपत्ति पर भी दी सफाई
-रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान में विदेशी फंड ट्रांजैक्शन से जुड़े आरोपों को भी खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की तरफ से किसी गैरकानूनी विदेशी पैसे के लेन-देन में शामिल नहीं हैं।
-एक्ट्रेस ने आगे दावा किया कि भारत या विदेश में उनके नाम से कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें कभी किसी ने संपत्ति उपहार में नहीं दी और वह महंगे तोहफे स्वीकार करने से भी परहेज करती हैं।
मीडिया से खबरें वापस लेने की अपील
रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान के अंत में उन मीडिया संस्थानों और लोगों से खबरों को वापस लेने की अपील की, जिनके बारे में उनका कहना है कि उन्होंने बिना पर्याप्त तथ्यों के रिपोर्ट प्रकाशित कीं। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थानों पर व्यावसायिक दबाव हो सकते हैं लेकिन किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और आजीविका की कीमत पर खबरों को सनसनीखेज नहीं बनाया जाना चाहिए। एक्ट्रेस ने उम्मीद जताई कि इस मामले में तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा और उनके बारे में गलत धारणाओं को दूर किया जाएगा।
क्या है इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई का मामला?
-28 सितंबर 2026 को मुंबई में आयकर विभाग की कई टीमों द्वारा रकुल प्रीत सिंह, वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर तलाशी लिए जाने की खबरें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड्स की जांच की गई। कथित तौर पर अधिकारियों की जांच फिल्म प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और विदेशी लेन-देन से जुड़े वित्तीय मामलों पर केंद्रित थी।
-हालांकि आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच से जुड़े आरोपों को अंतिम निष्कर्ष के तौर पर नहीं देखा जा सकता।
वाशु भगनानी से क्या है रकुल प्रीत सिंह का रिश्ता?
रकुल प्रीत सिंह की शादी फिल्म प्रोड्यूसर और एक्टर जैकी भगनानी (Jackky Bhagnani) से हुई है। जैकी, वाशु भगनानी के बेटे हैं। इस लिहाज से वाशु भगनानी रकुल प्रीत सिंह के ससुर हैं। वाशु भगनानी लंबे समय से फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े हुए हैं और पूजा एंटरटेनमेंट कंपनी के जरिए कई फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। पैनोरमा स्टूडियोज भी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-पहचानी प्रोडक्शन कंपनियों में शामिल है।
रकुल प्रीत सिंह का चमचमाता एक्टिंग करियर
-रकुल प्रीत सिंह ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' से की थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगू सिनेमा में काम किया और धीरे-धीरे हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2014 में रिलीज हुई 'यारियां' मूवी से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद रकुल प्रीत सिंह 'दे दे प्यार दे', 'मरजावां', 'अटैक', 'डॉक्टर जी' और 'इंडियन 2' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
-दिल्ली में पली-बढ़ी रकुल प्रीत सिं के पिता भारतीय सेना में अधिकारी रहे हैं। उनकी मां का नाम राजिंदर कौर है और उनके छोटे भाई अमन प्रीत सिंह (Aman Preet Singh) भी एक्टिंग की दुनिया में एक्टिव हैं।
भाई अमन प्रीत सिंह का नाम भी ड्रग्स केस में आया था
रकुल प्रीत सिंह के भाई अमन प्रीत सिंह का नाम दिसंबर 2025 में सामने आए एक कथित ड्रग्स मामले को लेकर भी चर्चा में रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुंबई पुलिस की कार्रवाई में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से कथित तौर पर कोकीन और MDMA बरामद किया गया था।
'रामायण पार्ट 1' में शूर्पणखा बनेंगी रकुल प्रीत सिंह
-आपको बता दें कि रकुल प्रीत सिंह इन दिनों नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी।
-फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं जबकि साई पल्लवी (Sai Pallavi) मां सीता और रवि दुबे (Ravi Dubey) लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। साउथ के सुपरस्टार यश (Yash) फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
-फिल्म 'रामायण पार्ट 1' आगामी 6 नवंबर 2026 यानी दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है।


Click it and Unblock the Notifications
