राजकुमार राव ने 44 करोड़ में खरीदा नया अपार्टमेंट, जाह्नवी कपूर से की ऐसी डील
राजकुमार राव ने नए अपार्टमेंट को 44 करोड़ रुपए में खरीदा है। यह अपार्टमेंट मुंबई के जुहू इलाके में स्थित है।
मुंबई, 30 जुलाईः बॉलीवुड के फेमस एक्टर राजकुमार राव हाल ही में रिलीज हुई अपनी फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' के चलते सुर्खियों में छाए हुए थे और अब एक बार फिर से वह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। खबर है कि एक्टर राजकुमार राव ने मुंबई में एक शानदार ट्रिपलेक्स अपार्टमेंट खरीदा है। जानकारी के अनुसार राजकुमार राव ने इस अपार्टमेंट को 44 करोड़ रुपए में खरीदा है। यह अपार्टमेंट मुंबई के जुहू इलाके में स्थित है। खास बात ये है कि इस अपार्टमेंट को उन्होंने एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर से खरीदा है क्योंकि वह इस अपार्टमेंट की मालकिन थीं।

राजकुमार राव ने खरीदा नया अपार्टमेंट
आपको बता दें कि राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर फिल्म 'रूही' में एकसाथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म में दोनों के बीच बेहतरीन केमेस्ट्री देखने को मिली थी। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो राजकुमार राव भी इस अपार्टमेंट को खरीद कर काफी खुश नजर आ रहे हैं। खबर है कि जाह्नवी कपूर को इस घर को बेचने पर करोड़ों का फायदा भी हुआ है।

जाह्नवी कपूर से की राजकुमार ने डील
ईकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार जाह्नवी कपूर ने खुद इस प्रॉपर्टी को आज से 2 साल पहले खरीदा था। जाह्नवी ने इसे दिसंबर 2020 में 39 करोड़ रुपये में खरीदा था जबकि इसे उन्होंने राजकुमार राव को 44 करोड़ रुपए में बेचा है। इस डील से जाह्नवी को 5 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। आपको बता दें कि ये अपार्टमेंट 3456 स्क्वेयर फीट में फैला हुआ है। इसकी पर स्क्वेयर फुट की कीमत 1.27 लाख रुपए है। कहा जा रहा है कि ये देश की सबसे महंगी डील्स में से एक है।
इसी बिल्डिंग में पहले भी था घर
इस अपार्टमेंट की बिल्डिंग को बॉलीवुड के जाने-माने प्रोड्यूसर और बिल्डर आनंद पंडित ने बनाया है। इस बिल्डिंग को लोटस आर्या कहते है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजकुमार राव ने इस अपार्टमेंट को अपनी पत्नी पत्रलेखा के साथ मिलकर खरीदा है। यह अपार्टमेंट 14वें, 15वें और 16वें फ्लोर तक फैला हुआ है। इस बिल्डिंग में कई अन्य बॉलीवुड सेलेब्स भी रहते हैं।

जल्द ही नए अपार्टमेंट में होंगे शिफ्ट
जानकारी के अनुसार राजकुमार राव और पत्रलेखा ने इससे पहले इसी बिल्डिंग के 11वें और 12 वें प्लोर पर बने अपार्टमेंट को खरीदा था। अब ये कपल इसी बिल्डिंग के दूसरे अपार्टमेंट में शिफ्ट होंगे। आपको बता दें कि राजकुमार राव ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड पत्रलेखा के साथ पिछले साल नवंबर में शादी कर ली थी। उसके बाद से दोनों हैप्पी कपल टाइम बिता रहे हैं।

इन फिल्मों में आएंगे नजर
वहीं राजकुमार राव और जाह्नवी कपूर ने हॉरर-कॉमेडी 'रूही' में एक साथ काम किया है, जो पिछले साल लॉकडाउन के बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों से एक थी। जाह्नवी कपूर और राजकुमार राव फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' में भी नजर आने वाले हैं। यह स्पोर्ट ड्रामा फिल्म इस साल के आखिर तक रिलीज हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications