'मामा के साथ शादी करवा दी', Radhika Apte का शॉकिंग खुलासा, साउथ फिल्मों में मर्दों को लेकर दिया ऐसा बयान
Radhika Apte: बॉलीवुड एक्ट्रेस राधिका आप्टे अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ वह इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बोलती रही हैं। हाल ही में उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के अपने अनुभव शेयर किए हैं। राधिका ने बताया कि एक तेलुगू फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें ऐसा किरदार निभाना पड़ा था, जिसमें अपने से काफी उम्रदराज एक्टर के साथ रोमांस करना था। एक्ट्रेस के मुताबिक उस फिल्म के सेट पर उन्हें पुरुष-प्रधान माहौल का सामना करना पड़ा था और ये अनुभव उनके करियर के सबसे मुश्किल हालात में से एक रहा।
राधिका आप्टे ने खोली साउथ इंडस्ट्री की पोल
राधिका आप्टे इन दिनों साउथ की फेमस एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश के साथ वेब सीरीज 'अक्का' के प्रमोशन में बिजी हैं। इसी सिलसिले में जूम पर हुई बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार कौन सा रहा है।

मामा से शादी वाले किरदार को बताया सबसे मुश्किल
इस सवाल के जवाब में राधिका आप्टे ने एक तेलुगू फिल्म का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस फिल्म में उनके किरदार की शादी अपने मामा से होती है। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें उस फिल्म का अनुभव बिल्कुल पसंद नहीं आया और किरदार निभाना उनके लिए काफी मुश्किल था। उनकी बात सुनकर कीर्ति सुरेश पहले हैरान हुईं और फिर हंसने लगीं। इसके बाद उन्होंने बताया कि कुछ दक्षिण भारतीय समुदायों में मामा या मामा के बेटे से शादी करने की परंपरा रही है।
उम्रदराज एक्टर के साथ रोमांस करना पड़ा मुश्किल
-राधिका आप्टे ने बातचीत में आगे बताया कि उनके लिए सबसे असहज बात ये थी कि उन्हें अपने से काफी बड़े एक्टर के साथ रोमांटिक सीन करने थे। उन्होंने कहा कि फिल्म के सेट पर माहौल भी काफी पितृसत्तात्मक था, जिसकी वजह से उनके लिए पूरा अनुभव चुनौतीपूर्ण बन गया।
-एक्ट्रेस ने फिल्म के एक एक्शन सीन का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक कहानी में उनके किरदार की मौत हो जाती है और इस दौरान उन्हें एक्टर के कंधे के ऊपर से फेंका जाना था। राधिका आप्टे ने मजाकिया अंदाज में बताया कि वह उस दौरान यही सोच रही थीं कि आखिर उनके किरदार की मौत कब होगी। उनकी बातों से साफ था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें कई ऐसे अनुभव हुए, जिनसे वह सहज नहीं थीं।
किस फिल्म की बात कर रही थीं राधिका आप्टे?
-राधिका आप्टे ने इंटरव्यू में फिल्म का नाम नहीं लिया। हालांकि उनके बताए गए सीन और कहानी के संकेतों के आधार पर इसे बोयापति श्रीनू के निर्देशन में बनी तेलुगू फिल्म 'लेजेंड' से जोड़कर देखा जा रहा है। इस फिल्म में नंदमुरी बालकृष्ण मुख्य भूमिका में थे और राधिका आप्टे भी अहम किरदार में नजर आई थीं।
-फिल्म में राधिका आप्टे के किरदार का संबंध अपने 'बावा' से दिखाया गया था। तेलुगू और तमिल भाषी क्षेत्रों के कुछ समुदायों में इस तरह के रिश्तों में विवाह की परंपरा देखने को मिलती है। 'लेजेंड' जब साल 2014 में रिलीज हुई थी, उस समय बालकृष्ण की उम्र करीब 54 साल और राधिका आप्टे की उम्र 29 साल थी। दोनों के बीच उम्र का ये अंतर भी एक्ट्रेस की टिप्पणी को चर्चा में ले आया है।
'रक्त चरित्र' से शुरू हुआ था तेलुगू फिल्मों का सफर
-राधिका आप्टे ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम की शुरुआत राम गोपाल वर्मा की 'रक्त चरित्र' से की थी। साल 2010 में रिलीज हुई इस फिल्म के हिंदी और तेलुगू संस्करण सामने आए थे। इसके बाद वह साल 2012 में प्रकाश राज की फिल्म 'धोनी' में दिखाई दीं, जो मूल रूप से तमिल में बनी थी और तेलुगू में भी रिलीज हुई थी।
-साल 2014 में राधिका आप्टे ने नंदमुरी बालकृष्ण के साथ 'लेजेंड' मूवी में काम किया। इसके बाद साल 2015 में वह फिल्म 'लायन' में भी बालकृष्ण के साथ नजर आई थीं। ये उनकी आखिरी तेलुगू फिल्म रही। इस तरह राधिका आप्टे ने अपने करियर में दक्षिण भारतीय सिनेमा की कुछ चुनिंदा फिल्मों में ही काम किया है।
साउथ सिनेमा में रंग-भेद को लेकर राधिका आप्टे का बड़ा बयान
-ये पहली बार नहीं है जब राधिका आप्टे ने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की हो। हाल ही में गलाटा को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने साउथ सिनेमा में रंग-भेद यानी कलरिज्म के मुद्दे पर भी बात की थी।
-राधिका आप्टे का कहना था कि शुरुआती दौर में कई उत्तर भारतीय एक्ट्रेसे को दक्षिण भारतीय फिल्मों में इसलिए कास्ट किया जाता था क्योंकि उनका रंग गोरा होता था। एक्ट्रेस ने इस सोच पर असहमति जताई। उन्होंने कहा कि जब तक किसी प्रोजेक्ट में उन्हें लेने की कोई खास वजह न हो, वह साउथ की फिल्म करने से बचना चाहेंगी। उनके मुताबिक वह ऐसी कास्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, जिसमें कलाकार को उसके अभिनय के बजाय रंग के आधार पर चुना जाए।
'अक्का' में नजर आ रही हैं राधिका आप्टे
जानकारी के अनुसार धिका आप्टे हाल ही में ओटीटी प्लेफॉर्म नेटफ्लिक्स की फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 3' में नजर आई थीं। इसके अलावा उनकी वेब सीरीज 'अक्का' भी नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। इस सीरीज में उनके साथ कीर्ति सुरेश भी अहम भूमिका में हैं। फिलहाल राधिका आप्टे अपने हालिया इंटरव्यू और साउथ फिल्म इंडस्ट्री को लेकर दिए गए बयानों की वजह से सुर्खियों में हैं।


Click it and Unblock the Notifications
