Prashant Tamang Funeral: अंतिम संस्कार में नन्ही बेटी का हुआ ऐसा हाल, पत्नी मार्था का दर्द देख रोने लगे लोग
Prashant Tamang Funeral: दार्जिलिंग इन दिनों गहरे शोक में डूबा हुआ है। इंडियन आइडल सीजन 3 के विनर और अभिनेता प्रशांत तमांग को अंतिम विदाई देने के लिए चौरस्ता में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर वहां पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया था। लोग हाथ जोड़कर मौन श्रद्धांजलि देते नजर आए।
सिंगर प्रशांत तमांग को दी गई अंतिम विदाई
वहीं कई फैंस की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। अंतिम श्रद्धांजलि के दौरान प्रशांत तमांग की पत्नी मार्था एले अपनी छोटी बेटी के साथ पार्थिव शरीर के पास खड़ी नजर आईं। दोनों खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रोती दिखीं।

पत्नी मार्था और मासूम बेटी का दर्द देख टूटे लोग
इस दौरान सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है जिसमें प्रशांत तमांग की नन्ही बेटी अपने पिता को आखिरी बार देखकर रोती नजर आ रही है। ये दृश्य हर किसी के दिल को झकझोर देने वाला था।
11 जनवरी 2026 को हुई प्रशांत तमांग की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रशांत तमांग का गत 11 जनवरी 2026 को दिल्ली में 43 साल की उम्र में निधन हो गया है। वहीं पत्नी मार्था एले ने एएनआई से बातचीत में बताया था कि सिंगर की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई है और ये तब हुआ जब वह रात में सो रहे थे। प्रशांत तमांग के अचानक चले जाने से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि संगीत जगत और फिल्म इंडस्ट्री को भी बड़ा झटका लगा है।
बागडोगरा एयरपोर्ट से दार्जिलिंग तक उमड़ी भीड़
निधन के बाद प्रशांत तमांग के पार्थिव शरीर को बागडोगरा एयरपोर्ट लाया गया था, जहां उन्हें अंतिम दर्शन देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसके बाद जब शव को दार्जिलिंग ले जाया गया तो रास्ते भर फैंस और स्थानीय लोग सड़कों पर खड़े होकर अपने चहेते सिंगर को श्रद्धांजलि देते नजर आए।
पत्नी मार्था एले का भावुक बयान
एएनआई से बात करते हुए मार्था एले ने कहा- दुनिया भर से मुझे फोन आ रहे हैं। जान-पहचान वाले और अनजान, सभी अपना प्यार भेज रहे हैं। लोग फूल लेकर घर आ रहे हैं और अस्पताल में उन्हें आखिरी बार देखने पहुंचे थे। ये सब मेरे लिए बेहद भावुक कर देने वाला है। कृपया उन्हें वैसे ही प्यार करें जैसे आप पहले करते थे। वह एक महान इंसान और एक खूबसूरत आत्मा थे।
पुलिस ऑर्केस्ट्रा से इंडियन आइडल तक का सफर
दार्जिलिंग के रहने वाले प्रशांत तमांग ने अपने करियर की शुरुआत पश्चिम बंगाल पुलिस ऑर्केस्ट्रा से की थी। साल 2007 में 'इंडियन आइडल 3' जीतकर उन्होंने देशभर में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने नेपाली सिनेमा में कदम रखा और 'गोरखा पलटन', 'निशानी' समेत कई फिल्मों में काम किया।
OTT और बॉलीवुड में भी बनाई पहचान
प्रशांत तमांग हाल के वर्षों में हिंदी प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा बने। वह 'पाताल लोक सीजन 2' में नजर आए थे। खबरों के मुताबिक वह सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान में भी दिखाई देने वाले थे लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे प्रशांत तमांग
भले ही प्रशांत तमांग आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी आवाज, उनका संघर्ष और उनकी सादगी उन्हें हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रखेगी। दार्जिलिंग ने आज अपने सबसे चहेते सितारों में से एक को खो दिया है।












Click it and Unblock the Notifications