'पापा को CPR दे रहे थे', Pradeep Rawat के बेटे विक्रमादित्य का शॉकिंग खुलासा, मौत से 2 मिनट पहले क्या हुआ था?
Pradeep Rawat: साउथ इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दमदार एक्टिंग की छाप छोड़ने वाले एक्टर प्रदीप रावत ने गत 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनकी मौत से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार एक्टर पिछले लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। मुंबई के धीरभाई कोकिलाबेन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। आखिरकार वह जिंदगी की ये जंग हार गए और 74 की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
बेटे विक्रमादित्य ने पिता के आखिरी पलों को याद किया
वहीं 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान एक्टर के बेटे विक्रमादित्य रावत काफी इमोशनल नजर आए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपने पिता के आखिरी पलों को याद किया और बताया कि किस तरह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी और परिवार को उनकी गंभीर बीमारी के बारे में पता चला था।

पेट में इंफेक्शन के शक से अस्पताल पहुंचे थे पापा
विक्रमादित्य रावत ने बताया कि शुरुआत में परिवार को लगा था कि प्रदीप रावत को पेट में कोई मामूली इंफेक्शन हुआ है। उन्होंने कहा- पापा के पेट में दर्द था। ऐसे में परिवार वालों को लगा कि उन्हें पेट में कोई संक्रमण हो गया है। उन्हें डॉक्टर के पास लेकर गए थे। वहीं डॉक्टरों ने भी पेट में इंफेक्शन होने की आशंका जताई थी। पापा को जांच के बाद कई दवाइयां दी गईं लेकिन किसी भी दवा का असर उन पर नहीं हो रहा था।
'रिपोर्ट में वाइट ब्लड सेल्स की संख्या काफी ज्यादा आई'
-बेटे विक्रमादित्य ने आगे कहा- इसके बाद पापा की तबीयत लगातार खराब होने लगी थी। मां ने मुझे फोन करके पिता की बिगड़ती हालत के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद उनका ब्लड टेस्ट कराया गया। जांच में उनके वाइट ब्लड सेल्स की संख्या काफी ज्यादा पाई गई। इसके बाद हम लोग उन्हें तुरंत मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे।
-विक्रमादित्य ने कहा- अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि करीब 99 फीसदी संभावना है कि प्रदीप रावत को ब्लड कैंसर हुआ है। अगले ही दिन मेडिकल रिपोर्ट में इस बीमारी की पुष्टि हो गई। विक्रमादित्य ने बताया कि उनके पिता को एक बेहद दुर्लभ और आक्रामक किस्म का ब्लड कैंसर था। उन्होंने कहा कि इस बीमारी का पता चलने के बाद पूरा परिवार बुरी तरह से टूट गया था।
'2 महीने में हमारी जिंदगी में सब बदल गया'
विक्रमादित्य ने कहा- हैरानी की बात ये थी कि करीब दो महीने पहले ही पिता के सभी टेस्ट कराए गए थे लेकिन तब सब कुछ सामान्य था। हालांकि इसके बाद अचानक ही सबकुछ बदल गया और उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई।
विक्रमादित्य ने कहा- डॉक्टर्स पापा को CPR दे रहे थे
-पिता प्रदीप रावत के आखिरी पलों को याद करते हुए बेटे विक्रमादित्य बेहद इमोशनल हो गए थे। उन्होंने बताया- हाल ही में पापा की हालत ज्यादा बिगड़ने के बाद परिवार के लोग ICU के बाहर पहुंच गए थे। सभी डॉक्टर अंदर थे। मैंने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो डॉक्टर्स पापा को CPR दे रहे थे। उसी पल मुझे समझ आ गया था कि स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और अब कुछ भी ठीक नहीं होगा। विक्रमादित्य ने आगे बताया कि CPR देने के 2 मिनट बाद ही उनकी मां कल्याणी अचानक ही बहुत रोने लगी थीं।
-विक्रमादित्य ने रोते हुए कहा कि उन्हें यकीन है कि अब उनके पिता एक बेहतर जगह पर हैं और हमें देखकर खुश होंगे। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें इस बात की राहत है कि अब उनके पिता को किसी चीज का दर्द नहीं हैं। वह अब पूरी तरह से आराम कर रहे हैं।
अंतिम विदाई देने पहुंचे लोगों के लिए जताया आभार
पिता प्रदीप रावत के निधन के गम के बीच विक्रमादित्य ने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जो एक्टर को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इतने लोगों को उनके पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होते देखकर उन्हें खुशी हुई। विक्रमादित्य ने कहा कि उन्हें यकीन है कि उनके पिता भी इस बात से खुश होते कि उन्हें आखिरी विदाई देने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
पिछले 5 साल से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे प्रदीप रावत
आपको बता दें कि दिवंगत एक्टर प्रदीप रावत लंबे समय से ब्लड कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी को साथ लेकर ही वह काम भी कर रहे थे। प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया है कि एक्टर पिछले 5 साल से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। हालांकि लगभग 4 साल पहले उनका कैंसर ठीक हो गया था लेकिन वह दोबारा लौटा। अप्रैल 2026 में मेडिकल जांच के बाद उन्हें पता चला कि उनका कैंसर दौबारा लौट आया है।
प्रदीप रावत का फिल्मी सफर
-प्रदीप रावत ने चार दशक से भी ज्यादा समय तक हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी, नेपाली और मराठी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 1980 के दशक में एक्टिंग की शुरुआत की थी लेकिन उन्हें असली पहचान बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में गुरु द्रोणाचार्य के बेटे अश्वत्थामा का रोल निभाकर मिली थी।
-इसके बाद 'गजनी' और एस.एस. राजामौली की फिल्म 'सई' में प्रदीप रावत के निभाए विलन के किरदारों ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार खलनायकों की लिस्ट में शामिल कर दिया था। जीवन के आखिरी समय में वह लगातार फिल्मों में एक्टिव रहे। 'वाल्टेयर वीरय्या', 'गुलू गुलू' और 'छावा' उनकी आखिरी फिल्मों में शामिल रहीं।


Click it and Unblock the Notifications
