अगर मैं दोषी हूं तो मुझे फांसी दे दी जाए, फारुक अब्दुल्ला के बयान पर पल्लवी जोशी ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली, 25 मार्च। विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर लगातार विवाद चल रहा है। इस फिल्म को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी चल रही है। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला ने भी इस फिल्म को प्रोपेगेंडा बताया था। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में फारुक अब्दुल्ला ने कहा था कि इस मामले की जांच करानी चाहिए और अगर मैं दोषी पाया जाऊं तो मुझे फांसी पर चढ़ा दिया जाए। यही नहीं उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों का विस्थापन उनकी सरकार के काल में नहीं हुआ था।

मेरे पास हर चीज का वीडियो सबूत है
फारुक अब्दुल्ला के इस बयान के बाद फिल्म कि निर्माता और अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पल्लवी जोशी ने कहा कि राजनीति मेरा क्षेत्राधिकार नहीं है, लिहाजा मैं नहीं जानती हूं कि नेताओं को कैसे जवाब दूं। लेकिन हमने काफी मेहनत से यह फिल्म बनाई है, पिछले चार साल की मेहनत के बाद विस्तृत फिल्म बनाई है। मेरे पास उन कश्मीरी पंडितों के बयान हैं, सरकारी अधिकारियों के बयान हैं जो उस वक्त पुलिस सेवा में थे, हर किसी ने यह कहा है कि फिल्म हर एक सीन जो दिखाया गया है उसका हमारे पास वीडियो सबूत है। मुझे नहीं लगता है कि 700 लोग एकजुट होकर झूठ बोलेंगे।

आखिर कैसे 7 लाख पंडितों को जाना पड़ा
पल्लवी जोशी ने कहा कि कश्मीरी पंडितों पर हमेशा आरोप लगता है कि वह जगमोहन मल्होत्रा के साथ मिलकर कश्मीर से बाहर चले गए, मैं समझती हूं कि यह कुछ मुट्ठीभर लोग हैं जो ऐसा कर रहे हैं, लेकिन 7 लाख पंडितों ने ऐसा क्यों किया। आखिर उन्होंने क्यों फैसला लिया कि उन्हें एक दिन घाटी छोड़कर जाना पड़ा। चलो मान लेते हैं उन्होंने ऐसा किया, लेकिन उन्हें यह कब एहसास हुआ कि वह वापस नहीं जा सकते हैं, 32 साल के बाद? उन्होंने जगमोहन के खिलाफ कुछ नहीं कहा, यह कैसे संभव है, आप इसे क्या कहेंगे।

घटना से दो दिन पहले वो लंदन चले गए
फारुक अब्दुल्ला के बयान पर पल्लवी जोशी ने कहा कि दो दिन तक जम्मू कश्मीर में कोई सरकार नहीं थी, अब्दुल्ला ने दो दिन पहले इस्तीफा दे दिया और वह लंदन भाग गए, जब यह नृसंश घटना हुई। जगमोहन को प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया और वह खराब मौसम की वजह से वहां पहुंच नहीं सके। उन्हें दो-तीन दिन जम्मू में रहना पड़ा, उसी दौरान यह तमाम हत्याएं हुईं, लोगों को भागना पड़ा और यह सबकुछ शुरू हुआ। बता दें कि कश्मीर फाइल्स फिल्म 200 करोड़ के क्लब को पार कर गई है। गुरुवार तक फिल्म ने 207 करोड़ रुपए की कमाई कर डाली है।












Click it and Unblock the Notifications