'मैंने मां को शादियों में स्ट्रगल करते देखा और...', श्वेता तिवारी के 2 तलाक पर क्या बोलीं बेटी पलक
नई दिल्ली, 29 अप्रैल: एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। इन दिनों वो अपनी आने वाली फिल्म 'रोजी-द सैफ्रन चैप्टर' के प्रमोशन में बिजी हैं। पलक का मानना है कि उनकी मां ने अपनी जिंदगी में काफी ज्यादा स्ट्रगल किया और उन्होंने मां से बहुत कुछ सीखा है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पलक ने इस पर खुलकर बात की।

श्वेता ने की दो शादियां
पलक की मां श्वेता तिवारी ने दो शादियां की थीं, लेकिन दोनों ही फेल रहीं। सबसे पहले श्वेता राजा चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंधी। इसके एक साल बाद पलक का जन्म हुआ। 2007 में दोनों के रिश्ते में कड़वाहट आई और उन्होंने घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए तलाक ले लिया। फिर उन्होंने 2013 में अभिनव कोहली के साथ सात फेरे लिए। ये शादी भी 2019 में टूट गई। इसके बाद एक्ट्रेस ने अभिनव पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

'शादी में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए'
हाल ही में बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में पलक ने कहा कि मैंने ये महसूस किया है कि शादी में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। अगर आपको लगता है कि उस व्यक्ति के साथ कुछ गलत है, तो बेहतर है कि उसे उसी समय छोड़ दिया जाए। महिलाएं इससे सबसे ज्यादा जूझती हैं और मैंने ऐसा सिर्फ अपनी मां के साथ ही नहीं बल्कि दुनियाभर की महिलाओं के साथ देखा है। हम अपने पार्टनर के लिए चीजों को सही ठहराते रहते हैं क्योंकि हम लोगों में अच्छाई देखना चाहते हैं। ये एक अच्छा गुण है, लेकिन ये आपको ही तकलीफ देगा।

'परिवार की सुरक्षा प्राथमिकता'
वहीं श्वेता के बारे में कई अफवाहें उड़ती रहती हैं, इस पर भी पलक ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हम लोगों को कहानी के अपने पक्ष के बारे में समझाने में बहुत समय नहीं लगाते हैं। मेरी मां की प्राथमिकता ये सुनिश्चित करना रही है कि परिवार सुरक्षित रहे। मैंने भी इसी पर ध्यान दिया है।












Click it and Unblock the Notifications