'3 घंटे लगते हैं, तब जाकर लड़की बनता हूं', नवाजुद्दीन ने बताया 'हड्डी' के लिए कैसे किया खुद को तैयार?
नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों फिल्म हड्डी में अपनी फीमेल लुक को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर ने बताया कि इस किरदार में ढलने के लिए उन्होंने खुद को कैसे तैयार किया।
मुंबई, 28 अगस्त: बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक ऐसे कलाकार हैं जो अपने बेहतरीन रोल के लिए जाने जाते हैं। उन्हें जब भी कोई नया रोल मिलता है तो वह उसमें पूरी तरह डूब जाते हैं। एक्टर का यही अंदाज उनके फैंस को काफी पसंद आता है। नवाजुद्दीन अब अपनी अपकमिंग फिल्म हड्डी को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में उनका लुक हाल ही में सामने आया था जिसमें वह पहली बार फीमेल गेटअप में नजर आए। अब अभिनेता ने इस किरदार के किस तरह से खुद तैयार किया इस पर खुलकर बातचीत की।

फिल्म हड्डी में नवाजुद्दीन का है डबल रोल
नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी फिल्म से अपने लुक को लेकर चर्चा में हैं। अब इसको लेकर एक्टर ने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत कर कुछ बातें बताई हैं। अभिनेता ने कहा कि, 'हमने हड्डी की शूटिंग शुरू कर दी है। ये एक रीवेंज ड्रामा है। फिल्म में मेरे दो किरदार होंगे। हड्डी में मैं एक महिला और एक ट्रांसजेंडर के रोल में दिखूंगा ये अलग-अलग पार्ट हैं, यानी फिल्म में मेरा डबल रोल है'।

'फीमेल रोल के लिए महिला के तरह सोचना होगा'
नवाजुद्दीन सिद्दीकी के इस लुक को लेकर उनकी तुलना अर्चना पुरन सिंह से की गई। जिसकी वजह से अभिनेता सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुए। अब इसी को लेकर एक्टर ने कहा- 'अगर मैं कोई फीमेल कैरेक्टर प्ले कर रहा हूं तो मुझे एक महिला की तरह ही सोचना होगा और यही एक एक्टर के तौर पर मेरा टेस्ट है। आउटफिट, हेयर, मेकअप, ये सब तो ठीक है....ये मेरी टेंशन नहीं है'।

फीमेल किरदार के लिए कैसे किया एक्टर ने खुद को तैयार?
नवाजुद्दीन ने आगे कहा- 'ये सब देखने के लिए एक्सपर्ट्स होते हैं और उन्हें अपना काम पता होता है। वो सब बाहरी चीजें हैं, उनका ध्यान तो रखा ही जाएगा। मेरा काम कैरेक्टर के अंदर घुसना है। महिलाएं क्या और कैसे सोचती हैं उन्हें क्या चाहिए? एक एक्टर का काम अपने कैरेक्टर के दिमाग में घुसने का होता है। एक महिला का जिंदगी को देखने का तरीका काफी अलग होता है और हड्डी में यही मेरे लिए सबसे मुश्किल है। फिल्म में इस किरदार में घुसने के लिए मुझे एक औरत के नजरिए से दुनिया देखनी होगी'।

'मुझे तैयार होने में तीन घंटे लगते हैं'
हद्दी के लिए नवाज को अपनी भूमिका में आने में तीन घंटे लगते हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि, 'मुझे तैयार होने में तीन घंटे लग जाते हैं। अब मुझे पता चला कि एक अभिनेत्री को वैनिटी वैन से अभिनेता के मुताबिक इतना वक्त क्यों लगता है। पोशाक, बाल, मेकअप, इन सबसे पूरा संस्कार लेकर चलना पड़ता है। मैं उन सभी एक्ट्रेसेस की इज्जत करता हूं'।

कब रिलीज होगी फिल्म 'हड्डी'?
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भले ही अपना लुक रिवील कर दिया है लेकिन अभी अभिनेता को इस किरदार में देखने के लिए फैंस को लंबा इंतजार करना होगा। फिलहाल अभिनेता फिल्म हड्डी की शूटिंग में व्यस्त हैं और फिल्म अगले साल 2023 में रिलीज होगी। फिल्म हड्डी को अक्षय अजय शर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications