तालिबान की जीत पर जश्न मनाने वाले भारतीय मुसलमानों पर भड़के नसीरुद्दीन शाह, कहा-'ये खतरनाक है'
मुंबई, 02 सितंबर। अफगानिस्तान पर तालिबान के अधिकार होने के बाद से हमारे देश के मुसलमानों का एक वर्ग भी काफी खुश नजर आ रहा है, जिसकी कड़ी निंदा बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने की है। शाह ने ऐसे लोगों से सीधे सवाल किया है कि 'जो लोग तालिबान की खुशी में खुश होकर जश्न मना रहे हैं कि क्या अपने धर्म में सुधार करना चाहते हैं?'

तालिबान की जीत पर जश्न मनाने वालों पर भड़के नसीरुद्दीन शाह
नसीरुद्दीन शाह ने इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि 'हालांकि तालिबान का अफगानिस्तान पर फिर से हुकूमत पा लेना दुनियाभर में एक फिक्र का वायरस है लेकिन इससे कम खतरनाक नहीं हैं हिंदुस्तानी मुसलमानों के कुछ तबकों उन वहशियों की वापसी पर जश्न मनाना। आज हर हिंदुस्तानी मुसलमान को अपने आप से ये सवाल करना चाहिए कि उसे अपने मजहब में इस्लाह चाहिए या पिछला वहशीपन चाहिए।'

'मेरा रिश्ता अल्लाह मियां से बेहद बेतकल्लुफ है'
71 वर्षीय शाह ने कहा कि ' मैं हिन्दुस्तानी मुसलमान हूं, जैसा कि मिर्जा गालिब फरमा गए हैं, मेरा रिश्ता अल्लाह मियां से बेहद बेतकल्लुफ है, मुझे सियासी मजहब की कोई जरूरत नहीं है।'
हिन्दुस्तान में इस्लाम हमेशा से दुनियाभर के इस्लाम से अलग रहा
शाह ने कहा कि 'हिन्दुस्तान में इस्लाम हमेशा से दुनियाभर के इस्लाम से अलग रहा है और खुदा वो वक्त ना लाए कि वो इतना बदल जाए कि हम उसे पहचान भी ना सकें। शाह का ये वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग इस पर जमकर कमेंट कर रहे हैं।'
Recommended Video

ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं शाह
आपको बता दें कि ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर बोलने वाले शाह अक्सर अपने बयानों के कारण काफी आलोचनाओं के भी घेरे में रहते हैं। कुछ वक्त पहले एक वेबसाइट से बात करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर को जोकर करार दे दिया था। उन्होंने कहा था कि अनुपम खेर बहुत कुछ बोलते रहते हैं, लेकिन उन्हें गंभीरता से लिए जाने की जरूरत नहीं है।
'मैंने कभी आपके बारे में कुछ बुरा नहीं कहा'
इस पर अनुपम खेर ने उन्हें करारा जवाब देते हुए कहा था कि 'मैंने कभी आपके बारे में कुछ बुरा नहीं कहा था, लेकिन अब बोलूंगा, इतना कुछ हासिल करने के बाद आपने अपनी पूरी जिंदगी हताशा में गुजारी अगर आप दिलीप कुमार साहब, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, शाहरुख खान और विराट कोहली की आलोचना कर सकते हैं तो मेरा विश्वास है कि मैं फिर सही कंपनी में हूं।' शाह के इस बयान की कई नेताओं ने भी निंदा की थी।












Click it and Unblock the Notifications