'वेलकम टू द जंगल' में नहीं दिखेंगे नाना पाटेकर, गुस्साए एक्टर ने सरेआम कहा- उन्हें लगता है हम पुराने हो गए हैं
Nana Patekar: इस समय बॉलीवुड के शानदार एक्टर नाना पाटेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। खबर है कि वह जल्द ही फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' में नजर आने वाले हैं। गत 12 सितंबर 2023 को बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' का ट्रेलर लॉन्च इवेंट था। इस इवेंट में फिल्म की स्टारकास्ट मौजूद थी। वहीं मंच पर मौजूद नाना पाटेकर ने मीडिया के साथ अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बातें की हैं।
'वेलकम टू द जंगल' में नाना पाटेकर को नहीं किया गया कास्ट
फिल्म 'द वैक्सीन वॉर'के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर नाना पाटेकर ने जहां शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' पर कुछ तीखी बातें कीं, वहीं उन्होंने ये भी खुलासा किया कि उन्हें फिल्म 'वेलकम' के तीसरे पार्ट यानी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के लिए अप्रोच नहीं किया गया। इसके लिए वह फिल्म के मेकर्स पर गुस्सा होते हुए भी नजर आए। सिर्फ इतना ही नहीं वह इवेंट में इंडस्ट्री की कई चीजों पर अपनी बात रखते नजर आए।

नाना पाटेकर ने कहा- मेकर्स को लगता है हम पुराने हो गए हैं
आपको बता दें कि अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म 'वेलकम 3' का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया है। इस फिल्म के पहले और दूसरे पार्ट में नाना पाटेकर नजर आए थे लेकिन अब वह फिल्म के तीसरे पार्ट का हिस्सा नहीं हैं। इस बात से फैंस भी काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। इसी को लेकर जब नाना पाटेकर से मीडिया ने सवाल पूछा तो एक्टर ने बताया कि उन्हें फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के लिए अप्रोच नहीं किया गया है।
'इंडस्ट्री कभी आपके लिए बंद नहीं होती है'
नाना पाटेकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा- फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में मैं नहीं हूं। मेकर्स को लगता है कि हम पुराने हो गए हैं, इसलिए शायद उन्होंने हमें नहीं लिया। लेकिन विवेक अग्निहोत्री को लगता है कि हम अब भी पुराने नहीं हुए हैं, इसलिए इन्होंने अपनी फिल्म में ले लिया। बस सिंपल है सबकुछ। नाना पाटेकर ने आगे कहा- इंडस्ट्री कभी आपके लिए बंद नहीं होती। अगर आप अच्छा काम करना चाहते हैं तो लोग सामने आएंगे और आपको पूछेंगे। आपको ये समझना होगा कि आप वो काम कर सकते हैं या नहीं। हर एक को काम मिलता है, आप करना चाहते हैं या नहीं सबकुछ इस बात पर निर्भर है।
'वेलकम' के तीसरे पार्ट में नहीं है नाना पाटेकर
आपको बता दें कि फिल्म 'वेलकम' साल 2007 में रिलीज हुई थी। उसके डायरेक्टर अनीस बज्मी थे। वहीं इसी फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2015 में रिलीज हुआ था। दोनों ही फिल्में सुपरहिट साबित हुई थीं। नाना पाटेकर दोनों ही फिल्मों का हिस्सा थे। उन्हें उदय शेट्टी के रोल में लोगों ने खूब पसंद किया था। 'मजनू भाई' के रोल में नजर आए अनिल कपूर के साथ उनकी जोड़ी लोगों को काफी अच्छी लगी थी लेकिन अब नाना पाटेकर तीसरे पार्ट में नजर नहीं आएंगे।
'वेलकम टू द जंगल' साल 2024 में होगी रिलीज
फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार, अरशद वारसी, संजय दत्त, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, सुनील शेट्टी, मुकेश तिवारी, बॉबी देओल, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव जैसे कई स्टार्स मौजूद हैं। ये फिल्म आगामी 20 दिसंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' आगामी 28 सितंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में नाना पाटेकर के अलावा अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, राइमा सेन और निवेदिता भट्टाचार्य भी नजर आएंगी।












Click it and Unblock the Notifications