27 जनवरी को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं मौनी रॉय, जानिए कौन है उनका दूल्हा?
नई दिल्ली, जनवरी 12। बॉलीवुड की एक और खूबसूरत एक्ट्रेस की शादी की खबरें इस वक्त मीडिया में खूब जोर पकड़ रही हैं। हाल ही में कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी खूब सुर्खियों में रही थी। इस बीच खबर है कि अब मौनी रॉय भी शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, मौनी रॉय 27 जनवरी को अपने बॉयफ्रेंड सूरज नाम्बियार के साथ शादी करने जा रही हैं।

गोवा में शादी करेंगी मौनी रॉय!
रिपोर्ट के मुताबिक, शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वेडिंग डेस्टिनेशन गोवा बताया जा रहा है। हालांकि पहले ये कहा जा रहा था कि मौनी रॉय दुबई में शादी करेंगी, क्योंकि वो अक्सर सूरज से मिलने के लिए दुबई जाती रहती हैं, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि मौनी रॉय गोवा में शादी करेंगी।

मेहमानों की संख्या को रखा गया है गोपनीय
जानकारी के मुताबिक, शादी के फंक्शन के लिए एक फाइव स्टार होटल को बुक किया जा चुका है और मेहमानों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। हालांकि मेहमानों की संख्या को अभी गोपनीय रखा गया है, क्योंकि कोरोना महामारी की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए मेहमानों की संख्या सीमित हो सकती है। शादी में आने वाले सभी मेहमानों का टीकाकरण अनिवार्य किया गया है।

इन गेस्ट का मौनी की शादी में आना है पक्का
जानकारी के मुताबिक, मौनी रॉय की शादी में फिल्म डायरेक्टर करण जौहर, एकता कपूर, मनीष मल्होत्रा और आशिका गोराडिया का नाम मेहमानों की लिस्ट में पक्का माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मौनी रॉय खुद शादियों की व्यवस्था को देख रही हैं। इस काम में उनके बॉयफ्रेंड सूरज भी साथ दे रहे हैं। मौनी रॉय को हाल ही में बैचलर पार्टी एन्जॉय करते हुए भी देखा गया है। मौनी की शादी के लिए W Goa होटल को बुक किया गया है।

मौनी रॉय के बॉयफ्रेंड सूरज के बारे में?
आपको बता दें कि मौनी रॉय के बॉयफ्रेंड सूरज दुबई में रहते हैं इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। साथ ही वह मूल रूप से बेंगलूरू के रहने वाले हैं। वहीं मौनी रॉय के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो मौनी जल्द ही अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में नजर आएंगी। इस फिल्म में मौनी के साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी होंगे। आपको बता दें कि मौनी रॉय टीवी सीरियल नागिन से फेमस हुई थीं। टीआरपी के मामले में उस सीरियल ने उस वक्त बिग बॉस को भी पछाड़ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications