'इतने बड़े क्रूज में अकेला आर्यन ही घूम रहा था क्या...', शाहरुख के बेटे की गिरफ्तारी पर मीका सिंह ने उठाए सवाल
'इतने बड़े क्रूज में अकेला आर्यन ही घूम रहा था क्या...', शाहरुख के बेटे की गिरफ्तारी पर मीका सिंह ने उठाए सवाल
मुंबई, 05 अक्टूबर: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज शिप ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया है। 02 अक्टूबर की रात आर्यन खान को क्रूज शिप पर चल रहे ड्रग्स पार्टी से एनसीबी ने छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया। आर्यन खान समेत अन्य लोग 7 अक्टूबर तक हिरासत में हैं। अब बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह ने शाहरुख खान के परिवार को सपोर्ट करते हुए आर्यन खान की गिरफ्तारी के लिए एनसीबी पर सवाल उठाए हैं। मीका सिंह ने तंज करते हुए लिखा है, ''इतने बड़े क्रूज में अकेला आर्यन ही घूम रहा था क्या''

'इतने बड़े क्रूज में सिर्फ आर्यन ही घूम रहा था क्या...हद है'
मीका सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, "वाह कितना खूबसूरत कोर्डेलिया क्रूज है। काश मैं वहां जा पाता। मैंने सुना है कि वहां बहुत सारे लोग थे। लेकिन मैं आर्यन खान के अलावा किसी और को वहां नहीं देख सका। 'इतने बड़े क्रूज में सिर्फ आर्यन ही घूम रहा था क्या...हद है। सुप्रभात आपका दिन बहुत अच्छा हो...।" मीका सिंह ने इस ट्वीट के साथ कोर्डेलिया क्रूज की एक फोटो भी शेयर की है। कोर्डेलिया क्रूज मुंबई से गोवा जाती है।

आर्यन की गिरफ्तारी के बाद शाहरुख से मिलने गए सलमान
आर्यन खान की गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद सलमान खान शाहरुख खान के घर मन्नत गए थे। गौरी खान की करीबी दोस्त सुजैन खान ने कहा है कि वह उनके और शाहरुख के साथ खड़ी हैं। सुजैन खान ने लिखा, ''आर्यन एक 'अच्छा बच्चा' है जो 'गलत समय पर गलत जगह' पर था।'' आर्यन के कथित ड्रग्स मामले के बीच हंसल मेहता, सुनील शेट्टी और पूजा भट्ट सहित कई अन्य हस्तियों ने शाहरुख-गौरी के सपोर्ट में ट्वीट किया है।

इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट से था आर्यन खान का लिंक!
एनसीबी ने सोमवार (04 अक्टूबर) को मुंबई की एक अदालत के समक्ष दावा किया कि मामले के सिलसिले में गिरफ्तार आर्यन खान और दो अन्य लोगों के व्हाट्सएप चैट से कई चौंकाने वाली बात सामने आई है। चैट से पता चलता है कि इन लोगों का इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट से तस्करी का कनेक्शन था।

आर्यन खान के पास से ड्रग्स बरामद नहीं हुआ: वकील
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दावा किया है कि व्हाट्सएप चैट में आर्यन खान ड्रग्स खरीदने के लिए किए जाने वाले भुगतान के तरीकों पर चर्चा कर रहा है। जिसमें कोड नामों का उपयोग किया जा रहा है। आर्यन खान के वकील ने दावा किया कि उनके मुवक्किल के पास से कोई ड्रग्स बरामद नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications