KBC 1000 episode: श्वेता का सवाल सुनने के बाद रो पड़े अमिताभ, कहा-'खेल अभी खत्म नहीं हुआ है'
नई दिल्ली, 29 नवंबर। सोनी टीवी के बहुचर्चित शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का रोमांच पिछले 21 सालों से शबाब पर है। दौर बदला, वक्त बदला, यहां तक कि सोनी टीवी का लोगो भी बदल गया लेकिन नहीं बदला तो वो है केबीसी के प्रति लोगों का नजरिया, रवैया और प्रेम, जिसके पीछे बहुत बड़ा कारण है सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, जिनके शानदार और जानदार प्रस्तुतिकरण के कारण आज केबीसी और अमिताभ दोनों एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं।

अमिताभ के बिना KBC की कल्पना नहीं
अमिताभ के बिना इस शो की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। हाल ही में ये मेगा शो अपना 1000वां एपीसोड पूरा करने जा रहा है। इस विशेष एपीसोड में केबीसी में दो विशेष मेहमान पधारेंगे और ये विशेष मेहमान हैं अमिताभ की बेटी श्वेता बच्चन नंदा और नातिन नव्या नवेली। शो का प्रोमो सोनी टीवी ने रिलीज कर दिया है, जिसे देखकर हर कोई इमोशनल हो जाएगा क्योंकि प्रोमो में अमिताभ भी काफी भावुक नजर आ रहे हैं।
Recommended Video

'जैसे पूरी दुनिया ही बदल गई'
दरअसल शो के प्रोमो में दिख रहा है कि बेटी श्वेता अपने पापा अमिताभ से पूछती हैं कि 'आपका ये 1000 वां एपीसोड है, आपको कैसा लग रहा है?' इस पर अमिताभ कहते हैं कि लगता है कि 'जैसे पूरी दुनिया ही बदल गई' और इसके बाद एक वीडियो चलता है, जिसमें साल 2000 यानी कि केबीसी के पहले एपीसोड से अब तक के सफर को दिखाया जाता है।

'खेल अभी खत्म नहीं हुआ है'
जिसे देखने के बाद अमिताभ खुद भावुक हो जाते हैं और उनकी आंखें छलक जाती हैं। हालांकि फिर वो अपनी आंखों को पोंछते हुए कहते हैं कि चलिए आगे बढ़ते हैं क्योंकि 'खेल अभी खत्म नहीं हुआ है।'
3 दिसंबर की रात 9 बजे प्रसारित होगा एपीसोड
सोनी टीवी के इस प्रोमो ने लोगों को शो के प्रति और क्रेजी कर दिया है। ये एपीसोड 3 दिसंबर की रात 9 बजे प्रसारित होगा। मालूम हो कि केबीसी के एक सीजन को छोड़कर सारे सीजन अमिताभ बच्चन ने ही होस्ट किया है। इस शो की लोकप्रियता को देखते हुए बहुत सारे शो शुरू हुए थे जिन्हें कई सुपरस्टार्स ने होस्ट किया लेकिन कोई सितारा और शो केबीसी और अमिताभ के सामने टिक नहीं पाया और आज भी इस शो का सफलतम सफर बदस्तूर जारी है।












Click it and Unblock the Notifications