एक करोड़ से ज्यादा के कर्जे में डूबी हैं कपिल शर्मा की 'बुआ' उपासना सिंह, मिस यूनिवर्स हरनाज पर लगाया ये आरोप
एक्ट्रेस उपासना सिंह ने चंडीगढ़ जिला अदालत में एक दीवानी मुकदमा दायर किया है जिसमें मिस यूनिवर्स हरनाज संधू द्वारा करार के कथित उल्लंघन के लिए उनसे हर्जाना मांगा गया है।
मुंबई, 6 अगस्तः टीवी के मशहूर कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा शो' में बुआ का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस उपासना सिंह बड़ी परेशानी में घइर गई हैं। दरअसल उन्होंने एक पंजाबी फिल्म के प्रचार के लिए हुए करार का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए मिस यूनिवर्स हरनाज संधू के खिलाफ 4 अगस्त को एक स्थानीय अदालत का दरवाजा खटखटाया था। खबर है कि एक्ट्रेस उपासना सिंह ने चंडीगढ़ जिला अदालत में एक दीवानी मुकदमा दायर किया है जिसमें मिस यूनिवर्स हरनाज संधू द्वारा करार के कथित उल्लंघन के लिए उनसे हर्जाना मांगा गया है। हरनाज संधू ने पंजाबी फिल्म 'बाई जी कुट्टांगे' में मुख्य भूमिका निभाई थी। वहीं अब उपासना सिंह ने बताया है कि उन पर एक करोड़ 60 लाख रुपये का कर्ज है।

हरनाज ने नहीं दिया कोई रिप्लाई
उपासना सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा- मेरी फिल्म 27 मई को रिलीज होने वाली थी और हमारे लिए वो दिन काफी खास था। उस दिन हरनाज संधू ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। हम सभी ने साथ में पार्टी की थी। हर कोई जानता है कि मैं उसके कितना करीब थी। जब मैंने उसे कहा कि फिल्म के प्रमोशन के लिए करीब 27 मई के बाद की तारीखे रखी हैं तो अचानक ही उसने मेरा फोन उठाना बंद कर दिया। मैंने मैसेज और कई मेल्स भी किए, लेकिन हरनाज का कोई जवाब नहीं आया। उपासना ने आगे कहा- मैंने उसे फिल्म का पोस्टर भी भेजा और सोशल मीडिया पर शेयर करने को कहा लेकिन उसने वो भी नहीं किया। मुझे ये सब बहुत अजीब लग रहा था।
फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाया गया
उपासना सिंह ने आगे कहा - मैंने उससे रिक्वेस्ट भी की लेकिन मुझे लगा कि हो सकता है अभी खिताब जीता है तो किसी वजह से ऐसा नहीं कर पा रही होगी। मैंने फिल्म की रिलीज डेट को 19 अगस्त कर दिया लेकिन उसके बाद भी हरनाज से कोई जवाब नहीं आया। हरनाज ने मेरे फ्रेंड सर्कल में सभी को इग्नोर करना शुरू कर दिया था। किसी ने उसे कॉल करके कहा कि दुबई में एक शो है तो उसने बात की लेकिन जब मेरी फिल्म का टॉपिक छिड़ा तो उसने तुरंत कॉल कट कर दिया।
एक करोड़ 60 लाख के कर्ज में है उपासना
उपासना ने कहा- मैंने उसे नोटिस भेजा है कि अगर उसने मुझे डेट्स नहीं दी तो मैं उसके खिलाफ केस कर दूंगी। दरअसल मैं फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स खो चुकी हूं क्योंकि पहले उन्हें पता था कि हरनाज फिल्म में हैं लेकिन अब नहीं। बाकी लोगों को फिल्म में पैसा लगाना था, मुझे नहीं। आज इस फिल्म को रिलीज करने के लिए मेरे ऊपर एक करोड़ 60 लाख का कर्ज है। ये सब हरनाज की वजह से क्योंकि उसके पीछे हटने की वजह से बाकी लोग भी पीछे हो गए हैं। मेरी फिल्म लेट हो रही है और पहले जो भी पोस्टर्स और प्रमोशन हुए थे वो सब पैसा बर्बाद हो गया है। मेरे ऊपर बहुत कर्ज है। मैंने कभी सोचा नहीं था कि वो मेरे साथ ऐसा करेगी।
हरनाज को मिला था एक्टिंग का अवसर
उपासना ने अदालत के बाहर मीडिया से कहा था- मैंने हरनाज को पंजाबी फिल्म 'बाई जी कुट्टांगे' में एक्टिंग करने का मौका दिया था। इतना ही नहीं, मैंने फिल्म 'यारा दियां पू बरन' भी बनाई, जिसमें हरनाज ने बतौर हीरोइन एक्टिंग की थी। पर उसने मेरे साथ बिल्कुल अच्छा नहीं किया।
उपासना ने कहा- हरनाज ने मुझे धोखा दिया
उपासना सिंह ने दावा किया है कि साल 2021 की मिस यूनिवर्स हरनाज संधू को संतोष एंटरटेनमेंट स्टूडियो एलएलपी के साथ अपने करार के तहत फिल्म के प्रचार के लिए व्यक्तिगत रूप से खुद को उपलब्ध कराना था, लेकिन उन्होंने इसके लिए डेट्स देने से इनकार कर दिया। उपासना ने कहा- मैंने उन्हें उस समय मौका दिया था, जब वह मिस यूनिवर्स नहीं थीं। मैंने इस फिल्म पर बहुत पैसा खर्च किया है। यह छोटे बजट की फिल्म नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications