'सीता' के किरदार में नजर आएंगी कंगना रनौत, पोस्टर जारी करते हुए बोलीं- जय सियाराम
मुंबई, 14 सितंबर: एक्ट्रेस कंगना रनौत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म थलाइवी हाल ही में रिलीज हुई है। इस फिल्म में कंगना ने तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता का रोल अदा किया है। इस रोल को लेकर कंगना की काफी चर्चा है। इस बीच कंगना ने अपनी एक और फिल्म का ऐलान कर दिया है। कंगना अपनी नई फिल्म में रामायण की मशहूर पात्र सीता के किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म का नाम 'द इनकेरनेशन- सीता' होगा।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीता का टीजर पोस्टर रिलीज किया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि वो फिल्म में मुख्य किरदार यानी सीता का रोल करने जा रही हैं। कंगना ने लिखा है, 'द इनकेरनेशन- सीता', मैं इस फिल्म की प्रतिभाशाली टीम के साथ टाइटल रोल निभाने को लेकर बेहद खुश हूं। सीता राम के आशीर्वाद से ये संभव हुआ है। जय सियाराम।

इस रोल के लिए कई हीरोइनों के नाम की थी चर्चा
'द इनकेरनेशन- सीता' को अलौकिक देसाई बना रहे हैं, जिसमें 'सीता'का मुख्य किरदार कंगना निभाने वाली है। अलौकिक देसाई की ये फिल्म कई महीनों से चर्चा में थी। फिल्म के लिए कई अभिनेत्रियों का नाम सामने आया था। पहले खबरें थीं कि इस फिल्म में सीता के किरदार के लिए करीना कपूर खान को चुना गया है। इसके बाद दीपिका का नाम सामने आया लेकिन आखिर में कंगना को ये रोल मिला है। बताया गया है कि इस फिल्म में साउथ के स्टार एक्टर प्रभास भी काम कर सकते हैं। वो राम के रोल में दिखाई दे सकते हैं।

इंदिरा का रोल भी कर रहीं कंगना
जयललिता का रोल निभाने के बाद कंगना 1975-77 की इमरजेंसी की पृष्ठभूमि पर बनने वाली एकफिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार भी निभाती नजर आएंगी। कंगना की ओर से हाल ही में जानकारी दी गई थी कि हम इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं और फिल्म की स्क्रिप्ट अपने अंतिम चरण में है। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि ये इंदिरा गांधी की बायोपिक नहीं है। इंदिरा के रोल को लेकर तैयारी की तस्वीरें भी कंगना ने कुछ दिन पहले शेयर की थीं।












Click it and Unblock the Notifications