'पॉलिटिक्स में मजा नहीं आ रहा है', परेशान हुईं सांसद कंगना रनौत, लोगों ने पूछा- कैसा एन्जॉय चाहती हैं?
Kangana Ranaut: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हाल ही में आई आपदा के बीच, वहां की सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। दरअसल उनका एक पॉडकास्ट इंटरव्यू इंटरनेट पर वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने राजनीतिक सफर और अनुभव को लेकर बेबाकी से बात कर रही हैं।
कंगना रनौत का पॉडकास्ट हुआ वायरल
आपको बता दें कि एक्ट्रेस कंगना रनौत ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर राजनीति में कदम रखा था। फिलहाल उन्होंने यूट्यूब चैनल AIR-Atman In Ravi पर दिए गए इंटरव्यू में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

'मैं राजनीति को एन्जॉय नहीं कर पा रही हूं'
-पॉडकास्ट में कंगना रनौत ने ये स्वीकार किया है कि वह अभी भी राजनीति के इस क्षेत्र में खुद को ढालने की कोशिश कर रही हैं। कंगना रनौत ने कहा- जब मुझे राजनीति में आने का प्रस्ताव मिला तो मैंने स्वीकार कर लिया था। लेकिन सच कहूं तो अभी मैं इसे पूरी तरह एन्जॉय नहीं कर पा रही हूं।
-कंगना रनौत ने कहा- राजनीति एक अलग तरह की दुनिया है, समाज सेवा जैसी। ये मेरा बैकग्राउंड कभी नहीं रहा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं लोगों की सेवा जैसे काम करूंगी। सच कहूं तो मुझे पॉलिटिक्स में मजा नहीं आ रहा है।
'लोग टूटी सड़कों, नालियों और पानी की समस्या लेकर मेरे पास आते हैं'
कंगना रनौत ने ये भी बताया कि उनके पास अक्सर ऐसी समस्याएं लेकर लोग आ जाते हैं, जो वास्तव में पंचायत या राज्य सरकार के दायरे में आती हैं। उन्होंने कहा- लोग मुझसे टूटी सड़कों, नालियों और पानी की समस्या जैसे मुद्दों पर बात करते हैं, जबकि मैं सांसद हूं। कई बार विधायक भी मुझसे कहते हैं कि आपके पास फंड है, आप कुछ करिए। तब मुझे समझाना पड़ता है कि ये सब राज्य सरकार के अंतर्गत आता है।
सोशल मीडिया पर उड़ रहा है कंगना का मजाक
-कंगना रौनत का ये पॉडकास्ट इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जब से कंगना ने कैमरे पर कहा है कि उन्हें राजनीति में मजा नहीं आ रहा है तब से लोग उनका जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। लोग सोशल मीडिया पर कंगना रनौत को लेकर तरह तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
-लोगों की मानें तो कंगना रनौत एक अच्छी एक्ट्रेस हैं और उनके एक्टिंग करियर पर ही फोकस करना चाहिए था। वह बॉलीवुड की हीरोइन की तरह ही लगती हैं, सांसद बनने के लिए अलग तरह की मेहनत करनी पड़ती है।
-वहीं कुछ लोग तो सोशल मीडिया पर कंगना रनौत का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि कंगना न तो बॉलीवुड में चलीं और न ही राजनीति में। उनसे सही से कुछ नहीं हो पा रहा है। पहले एक्टिंग छोड़ राजनीति में आईं और अब पॉलिटिक्स भी उन्हें पसंद नहीं आ रहा है। दरअसल उन्हें पता ही नहीं है कि उन्हें क्या करना है। पता नहीं कैसा एन्जॉय चाहती हैं।
मंडी सीट पर कंगना ने जमाया था कब्जा
जानकारी के अनुसार साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कंगना रनौत ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को करारी शिकस्त दी थी। विक्रमादित्य पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। इस चुनाव में कंगना रनौत ने करीब 74,755 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर मंडी सीट पर कब्जा जमाया था जो अब उन्हें पसंद नहीं आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications