जैस्मिन के जय भानुशाली को बदकिस्मत कहने का विवाद सुलझा, माही विज ने कही ये बात
मुंबई, 21 अक्टूबर: टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन का अभिनेता जय भानुशाली को माही विज जैसी पत्नी के लिए बदकिस्मत कहना चर्चा में हैं। इस कमेंट को लेकर जैस्मिन को सोशल मीडिया पर काफी भला-बुरा भी सुनने को मिला है। सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद जैस्मिन ने इस पूरे मामले पर सफाई दते हुए इसे मजाक में किया कमेंट बताया है। जिसके बाद माही विज ने इस पर रिप्लाई करते हुए कहा है कि उन्होंने इसका बुरा नहीं माना है।

कैसे शुरू हुआ ये मामला
जैस्मिन का एक वीडियो हाल ही में सामने आया, जो कि रितेश देशमुख और जेनेलिया के शो 'लेडीज वर्सेस जेंटलमेन' के प्रोमो का है। इसमें जैस्मिन से रितेश एक सवाल पूछते हैं। जिस पर जय भानुशाली कहते हैं कि बिना मर्द की सलाह के औरत खाना भी नहीं बनाती हैं। इस पर जैस्मिन कहती हैं, ये अपनी बीवी की फ्रेस्ट्रेशन शो में आकर उतारता है। तेरी बदकिस्मती है कि तेरी बीवी ऐसी है।

जैस्मिन ने दी सफाई
जैस्मिन का ये वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद जैस्मिन को कई तरह के कमेंट का सामना करना पड़ा। इसके बाद जैस्मिन ने सफाई देते हुए ट्वीट किया- कुछ लोग माही पर कही मेरी बात पर बिना सोचे प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दूं कि वो सिर्फ मस्ती में कही गई बात था। हम मजाक में बोल रहे थे। दुर्भाग्य से ये वीडियो एक खराब एडिट था। मैं जय और माही से बहुत प्यार करती हूं। वो एक बेस्ट कपल हैं। इस पर माही विज ने लिखा- तू मेरी जान तू कुछ भी बोल सकती है। हक है तेरा मुझपे और तारा पर।

तीनों ही छोटे पर्दे के बड़े नाम
जैस्मिन भसीन, जय भानुशाली और माही विज तीनों ही छोटे पर्दे के जाने पहचाने नाम हैं। जैस्मिन बिग बॉस 14 का हिस्सा रही हैं। जय भानुशाली इस वक्त बिग बॉस 15 में कंटेस्टेंट हैं। बता दें कि जय भानुशाली और माही विज की शादी 2011 में हुई थी। इस समय जय भानुशाली बिग बॉस के घर में हैं। वहीं जैस्मिन भसीन उनको सपोर्ट भी कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications