हरीश मैगन का 76 की उम्र में निधन, बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों में आ चुके हैं नजर
Harish Magon Death: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आ रही है। खबर है कि हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर हरीश मैगन का निधन हो गया है। उन्होंने 'गोल माल', 'नमक हलाल' और 'इनकार' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया था। उन्होंने अपने शानदार एक्टिंग के दम पर खूब पॉपुलैरिटी हासिल की थी। लेकिन अब 76 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। हालांकि एक्टर का निधन कैसे हुआ इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। एक्टर के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा सिद्धार्थ और बेटी आरुषि हैं। परिवार फिलहाल सिंगापुर में रहता है।
हरीश मैगन के निधन की खबर की घोषणा सिने एं टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने ट्विटर पर की है और उन्हें श्रद्धांजलि भी दी है। आपको बता दें कि एक्टर का जन्म 6 दिसंबर 1946 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने एफटीआईआई पुणे से साल 1974 में ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था।

हरीश मैगन 'नमक हलाल', 'चुपके चुपके', 'खुशबू', 'इनकार', 'मुकद्दर का सिकंदर', 'गोल माल' और 'शहंशाह' जैसी फिल्मों में नजर आए थे। मैगन की आखिरी फिल्म 'उफ! ये मोहब्बत' थी, जो कि साल 1997 में रिलीज हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हरीश मैगन एक एक्टिंग इंस्टीट्यूट चलाते थे। ये इंस्टीट्यूट उनके नाम पर मुंबई के जूहु इलाके में स्थित है। इसके अलावा वह रोशन तनेजा के एक्टिंग स्कूल में इंस्ट्रक्टर भी थे। वहीं एक ट्विटर यूजर ने साल 1975 की फिल्म 'आंधी' के एक गाने से दिवंगत एक्टर हरीश मैगन का एक वीडियो शेयर किया है। उसने दावा किया कि हरीश भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान से ग्रेजुएट थे और गुलजार के सहायक मेराज के करीबी दोस्त भी थे।












Click it and Unblock the Notifications