67 के हुए अनुपम खेर, शर्टलेस तस्वीर शेयर कर बताया, हमेशा से मेरा ये सपना रहा है
नई दिल्ली, 07 मार्च। दिग्गज फिल्म अभिनेता अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह तमाम अलग-अलग मुद्दों पर खुलकर अपनी राय भी जाहिर करते हैं, साथ ही अपनी मां के वीडियो भी काफी शेयर करते हैं जिसके चलते वह चर्चा में रहते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने एक ऐसी तस्वीर को शेयर किया है जिसकी काफी चर्चा हो रही है। दरअसल अनुपम खेर का आज जन्मदिन है और वह 67 साल के हो गए हैं। इसी मौके पर अपनी एक तस्वीर को अनुपम खेर ने शेयर किया है।

फिटनेस पर कर रहे हैं काम
अपने जन्मदिन के मौके पर अनुपम खेर ने जो तस्वीर शेयर की है उसमे वह अपनी चुस्त शरीर को दिखा रहे हैं,इसमे सिर्फ उन्होने एक शॉर्ट पहन रखा है। तस्वीर को तकरीबन 1.70 लाख लोग लाइक कर चुके हैं और इसपर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। तस्वीर को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, मुझे जन्मदिन मुबारक। आज मैं अपने 67वे साल की शुरुआत कर रहा हूं, मैं अपनी नई सोच को लेकर काफी प्रेरित और रोमांचित दोनों हूं। यह तस्वीरें उसी का उदाहरण हैं जो पिछले सालों में मैंने कुछ तरक्की हासिल की है।

37 साल पहले बुजुर्ग के किरदार से शुरुआत
अनुपम खेर ने लिखा, 37 साल पहले आप एक युवा एक्टर से मिले थे, जिसने बिल्कुल अलग तरीके से सिनेमा में अपनी शुरुआत की थी और 65 साल के बुजुर्ग का रोल निभाया था। अपने पूरे करियर में मैंने हर अच्छे किरदार को जीने की कोशिश की है। लेकिन मेरे अंदर एक सपना हमेशा से था, लेकिन असल में उसे पूरा करने के लिए मैंने कुछ नहीं किया।

सपने को पूरा करना चाहते हैं
मेरा सपना था कि मैं अपनी फिटनेस, लुक को गंभीरता से लूं ताकि मैं अपना सबसे अच्छा पहलू लोगों के सामने रख सकूं। अब फिटनेस की ओर मैंने अपना सफर शुरू कर दिया है, मैं अपना यह सफर आप सबके साथ साझा करना चाहता हूं। मैं आप लोगों के साथ मिलकर एकसाथ इस सफर को आने वाले सालों में तय करूंगा। मुझे अपना आशीर्वाद दीजिए, यह 2022 है। जय हो।

सिकंदर, ऋतिक ने दी बधाई
अनुपम खेर की इस पोस्ट पर हजारो लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अनुपम खेर के बेटे सिकंदर खेर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, जन्मदिन मुबारक पापा। जबकि सेलेब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेर ने लिखा, जन्मदिन मुबारक रॉकस्टार, जबरदस्त फिट दिख रहे हैं। ऋतिक रोशन ने लिखा, जबरदस्त जन्मदिन की बधाई। इसके अलावा कई अन्य एक्टर्स ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। अनुपम खेर की फिल्म करियर की बात करें तो वह जल्द ही द कश्मीर फाइल्स में नजर आएंगे, यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हो रही है। यह फिल्म मुख्य रूप से कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर आधारित है।












Click it and Unblock the Notifications