शक्ति शालिनी में कियारा की जगह अनीत पड्डा होंगी, मेकर्स ने की ऑफिशियल अनाउंसमेंट, दुर्गेश सिंह ने लिखी फिल्म
फिल्म 'शक्ति शालिनी' का टीज़र हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त हलचल मचा दी है। इस टीज़र में बताया गया है कि अब इस फिल्म में कियारा आडवाणी की जगह नई एक्ट्रेस अनित पड्डा नजर आएंगी। यह खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे "महायुद्ध" तक बता दिया।
अनित पड्डा ने मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म की सफलता के बाद अनित की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। अब वे 'शक्ति शालिनी' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जिससे उनका करियर और ऊंचाइयों की ओर बढ़ता दिख रहा है। इस रिपोर्ट में हम आपको फिल्म की राइटिंग टीम के बारे में बता रहे हैं।

MHCU यूनिवर्स में एंट्री
'शक्ति शालिनी' फिल्म मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स (MHCU) का हिस्सा है, जिसमें पहले से ही श्रद्धा कपूर ('स्त्री') और शरवरी वाघ जैसी एक्ट्रेस जुड़ी हुई हैं। अब अनित पड्डा की एंट्री ने इस यूनिवर्स को और मजबूत बना दिया है। टीज़र में अनित को दमदार अवतार में दिखाया गया है, जहां स्क्रीन पर लिखा आता है -
"रक्षक। विध्वंसक। सबकी मां।" बता दें, इस फिल्म को गुल्लक सीरीज फेम राइटर दुर्गेश सिंह लिख रहे हैं। दुर्गेश ने इसके पहले गुल्लक और फिसड्डी जैसी सीरीज लिखी है। इसके अलावा भी वो कई सीरीज के गाने लिख चुके हैं। शक्ति शालिनी दुर्गेश की पहली फीचर फिल्म है।
फिल्म की रिलीज डेट और फैंस की प्रतिक्रिया
फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। 'थामा' फिल्म की स्क्रीनिंग से पहले इसका टीज़र सिनेमाघरों में दिखाया गया। फैंस अनित की इस नई भूमिका से बेहद खुश हैं। एक फैन ने लिखा, "दो क्वीन एक यूनिवर्स। वेलकम अनित पड्डा।" एक अन्य ने कहा- "यह फिल्म अनित के टैलेंट को साबित करेगी।"
'थामा' को मिला मिला-जुला रिस्पॉन्स
'थामा' फिल्म को दिनेश विजन ने प्रोड्यूस किया है और आदित्य सरपोतदार ने डायरेक्ट किया है। इसमें आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी नजर आए। फिल्म को पहले दिन औसत प्रतिक्रिया मिली है।












Click it and Unblock the Notifications