'धुरंधर' देख अल्लू अर्जुन से लेकर रोहित शेट्टी ने बांधे रणवीर सिंह की तारीफ के पुल
रणवीर सिंह की हालिया रिलीज़ 'धुरंधर' ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया है, बल्कि उनके अभिनय की गूंज पूरे फिल्म उद्योग में सुनाई दे रही है। समीक्षकों, वरिष्ठ कलाकारों, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं और दर्शकों-सबकी राय एक ही दिशा में जाती है। रणवीर ने अपने करियर का अब तक का सबसे प्रभावशाली और बहुआयामी प्रदर्शन दिया है। कई लोग इसे पिछले वर्षों का सबसे "मैग्नेटिक और लेयर्ड" अभिनय बता रहे हैं।

अल्लू अर्जुन ने की खुलकर तारीफ
इस सप्ताह सबसे प्रमुख प्रशंसा साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की ओर से आई। फिल्म देखने के बाद उन्होंने लिखा, "अभी धुरंधर देखी। शानदार फिल्म... बेहतरीन परफॉर्मेंस, बेहतरीन टेक्निकल टीम और कमाल का साउंडट्रैक। मेरे भाई रणवीर सिंह की मैग्नेटिक प्रेजेंस-उन्होंने अपनी वर्सेटिलिटी से शो लूट लिया है।" अल्लू अर्जुन ने अक्षय खन्ना की "करिश्माई आभा", संजय दत्त, माधवन और अर्जुन रामपाल की "रॉक-सॉलिड प्रेजेंस" तथा सारा अर्जुन की "स्वीट स्क्रीन प्रेजेंस" की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने जियो स्टूडियोज़, निर्माता ज्योति देशपांडे और निर्देशक आदित्य धर को "ब्रिलियंट फिल्ममेकर" बताते हुए उनकी विज़न और शैली की सराहना की।
रोहित शेट्टी का इमोशनल संदेश
प्रसिद्ध निर्देशक रोहित शेट्टी ने भी रणवीर को लेकर भावुक टिप्पणी साझा की। उन्होंने लिखा, "आदित्य धर और पूरी टीम को मेरा सलाम... आपने एक 'मॉन्स्टर' बना दिया है। रणवीर मेरे भाई, अपना टाइम आ गया। अक्षय को वह सम्मान मिलते देखना अद्भुत है, जिसका वह सालों से हकदार था। URI से धुरंधर तक आदित्य की यात्रा प्रेरणादायक है... ये नया हिंदी सिनेमा है-अब यह घुसकर मारेगा!" रोहित की यह प्रतिक्रिया इंडस्ट्री में मौजूद उस उफान को दर्शाती है, जहां लगभग हर बड़ा नाम रणवीर के प्रदर्शन की प्रशंसा कर रहा है।
समीक्षकों और जनता की राय
फिल्म समीक्षकों ने रणवीर को "एक्सप्लोसिव", "मैग्नेटिक", "लेयर्ड" और "पूरी तरह ट्रांसफॉर्म्ड" बताया है। दर्शकों की ओर से भी हाउसफुल शो, दोबारा-तिबारा देखने की लहर और सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़ देखकर स्पष्ट है कि रणवीर का प्रदर्शन लोगों के दिलों को गहराई से छू गया है।












Click it and Unblock the Notifications