इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' की शूटिंग हुई शुरू, फिल्म की कहानी भी खुल गई
Awarapan 2: इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' की शूटिंग बैंकॉक में शुरू हो चुकी है। इस फिल्म का इंतज़ार लंबे समय से किया जा रहा है। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नज़र आएंगी। यह फिल्म 2007 की हिट 'आवारापन' की कहानी को आगे बढ़ाएगी, जो ठीक वहीं से शुरू होगी जहां पहली फिल्म का क्लाइमैक्स खत्म हुआ था।
पहली फिल्म का क्लाइमैक्स बैंकॉक में शूट हुआ था। अब यहीं से 'आवारापन 2' की कहानी शुरुआत होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म निर्माता ने जानबूझकर यह लोकेशन चुनी है ताकि कहानी में निरंतरता बनी रहे। अब तक यह सवाल बना हुआ था कि पिछली फिल्म में इमरान हाशमी के किरदार, शिवम, की मौत के बाद उसे इस पार्ट में कैसे दिखाया जाएगा।

मिड डे ने की रिपोर्ट के मुताबिक, 'आवारापन' के अंत में एक ड्रीम सीक्वेंस था। जहां शिवम अपनी प्रेमिका श्रिया सरन से मिलता है। 'आवारापन 2' की कहानी इसी बिंदु से आगे बढ़ेगी, जहां शिवम फिर से जीवित होता है और दिशा पाटनी के किरदार से मिलता है। जो उसके अगले मिशन में उसकी मदद करती है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि इस बार इमरान हाशमी का किरदार पिछली बार से ज़्यादा गंभीर और परिपक्व होगा, क्योंकि वह अपने प्यार को खो चुका है। इस भूमिका के लिए वह दुबले-पतले शरीर और फ्रेंच दाढ़ी वाले लुक में दिखेंगे। दिशा पाटनी ने भी एक्शन सीक्वेंस के लिए खास तैयारी की है।
इस बार फिल्म के निर्देशन की बागडोर नितिन कक्कड़ संभाल रहे हैं। उन्होंने 'जवानी जानेमन' और 'फिल्मिस्तान' जैसी फिल्में बनाई हैं। ओरिजिनल डायरेक्टर मोहित सूरी भट्ट कैंप से अनबन के चलते इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए हैं। यह एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि मोहित सूरी ने पहली फिल्म को भी डायरेक्ट किया था।
'आवारापन 2' के बैंकॉक शेड्यूल को शुरू हुए अभी एक हफ्ता ही हुआ है और यहां लगभग 40 दिनों तक शूटिंग चलेगी। नितिन कक्कड़ ने बैंकॉक की एक व्यस्त सड़क पर शूटिंग शुरू की है। जिसमें अगले एक हफ्ते तक स्थानीय बाज़ार में कुछ एक्शन सीन फिल्माए जाएंगे।
सभी एक्शन सीन और गाने भी बैंकॉक में ही फिल्माए जाएंगे। सेट पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं ताकि शूटिंग की तस्वीरें ऑनलाइन लीक न हों और फिल्म के प्रति उत्सुकता बनी रहे. बैंकॉक का यह शेड्यूल नवंबर की शुरुआत तक जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications