रणवीर सिंह की 'धुरंधर' को रिलीज के पहले बड़ा झटका, खुल गई फिल्म की कहानी, मेजर शर्मा नहीं इस घटना पर है आधारित
आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। मेकर्स ने कहानी को लॉन्च तक गुप्त रखने की कोशिश की थी, लेकिन एक अप्रत्याशित घटना ने पूरी प्लॉट समरी को उजागर कर दिया। सेंसर बोर्ड द्वारा जारी सर्टिफिकेट ने अनजाने में फिल्म की पूरी कहानी सामने ला दी, जिससे दर्शकों के बीच हलचल तेज हो गई है।

मेजर मोहित शर्मा वाले विवाद का अंत
फिल्म की गोपनीयता बनाए रखने की कोशिश ने अफवाहों को जन्म दिया कि रणवीर का किरदार शहीद मेजर मोहित शर्मा से प्रेरित है। यह चर्चा इतनी बढ़ गई कि मेजर के माता-पिता ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। कोर्ट के निर्देश पर सेंसर बोर्ड ने फिल्म की जांच की और साफ कहा कि 'धुरंधर' का मेजर मोहित शर्मा या उनकी किसी भी मिशन से कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह से काल्पनिक कहानी है।
सेंसर सर्टिफिकेट ने खोली कहानी की परतें
जिन विवरणों को मेकर्स छुपा रहे थे, वे सेंसर बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सर्टिफिकेट में सामने आ गए। इसमें फिल्म की प्लॉट समरी दर्ज थी, जिसमें बताया गया कि कहानी 1999 की IC-814 हाईजैकिंग और 2001 के संसद हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
सारांश के अनुसार
फिल्म का केंद्र इंडियन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के चीफ अजय सान्याल हैं। अजय एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति तैयार करते हैं, जिसका संचालन पाकिस्तान से होता है। अपने मिशन को सफल बनाने के लिए वह पंजाब के 20 वर्षीय युवक को चुनते हैं, जो बदले की आग में किए गए अपराध के चलते जेल में बंद है।
इस सिनॉप्सिस से यह स्पष्ट हो गया कि रणवीर सिंह का किरदार पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि एक अंडरकवर IB एजेंट है।
फिल्म को 'ए' सर्टिफिकेट और 7 बदलाव
फिल्म में हिंसा और तीव्र दृश्यों के कारण सेंसर बोर्ड ने इसे 'ए' श्रेणी दी है। साथ ही 7 बदलावों के निर्देश भी दिए गए, जिनमें डिस्क्लेमर में वॉयसओवर जोड़ना, कुछ हिंसक दृश्यों को बदलना, चेतावनी संदेश शामिल करना और एक किरदार का नाम बदलना शामिल है।
सबसे लंबी हिंदी फिल्म रनटाइम 3 घंटे 34 मिनट
'धुरंधर' चर्चा में इस वजह से भी है कि यह पिछले 17 वर्षों में बनी सबसे लंबी हिंदी फिल्म है। इसका रनटाइम 3 घंटे 34 मिनट 01 सेकंड है, जिसमें अगले भाग की नींव रखने वाला 4 मिनट का पोस्ट-क्रेडिट सीन भी शामिल है।फिल्म की कहानी अब उजागर हो चुकी है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि स्क्रीन पर इसका प्रस्तुतीकरण कितना प्रभावशाली बनता है।












Click it and Unblock the Notifications