देवोलीना से क्यों इतनी नफरत करने लगे हैं कुछ लोग? बेटे के रंग पर किए भद्दे कमेंट्स, एक्ट्रेस ने दिया जवाब
टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी (Devoleena Bhattacharjee) ने अपने बेटे की स्किन के कलर पर भद्दे कमेंट करने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने ट्रोल्स को जवाब दिया और साथ ही उनकी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनके प्रोफाइल भी शेयर कर दिए, जिससे उनकी असलियत सबके सामने आ गई।
एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर ट्रोल्स के खिलाफ चुप रहने की बजाय उन्हें बेनकाब किया और करारा जवाब दिया। उनके जवाब ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा और कई लोगों ने उनके साहस की तारीफ भी की।

बेटे के सात महीने पूरे होने पर शेयर की तस्वीरें
दरअसल, हाल ही में देवोलीना ने अपने बेटे जॉय के सात महीने पूरे होने पर कुछ प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। कुछ यूजर्स ने एक्ट्रेस के बेटे पर खूब प्यार लुटाया, लेकिन कुछ लोगों ने बच्चे के सांवले रंग को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने तो यह तक कह दिया कि बच्चे का रंग उसके पिता से आया है।
देवोलीना ने ट्रोल्स को किया एक्सपोज
एक ट्रोल ने लिखा, 'बाप पर गया है बेटा' इस पर देवोलीना ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया, क्यों? तुम पड़ोसी पर गए हो क्या? एक्ट्रेस ने एक यूजर के कमेंट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें उसने लिखा था, 'कालू मदारी आया।' इस पर देवोलीना ने रिप्लाई करते हुए लिखा- 'अब इनके लिए क्या बोलूं। ये खुद एक मां है, जैसा कि आप सब इनके प्रोफाइल में देख सकते हैं। बस इनका बच्चा इनकी इस बीमारी का शिकार ना बने, भगवान से यही प्रार्थना करती हूं।'
इसके अलावा उन्होंने एक और स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें यूजर ने लिखा था- 'वो तो खुद ही इतना काला है, इसको काला टीका क्यों लगाया।' इस पर एक्ट्रेस ने जवाब देते हुए लिखा- 'इनका प्रोफाइल तो देखो। जय बालाजी। पूछो जरा इनसे बालाजी हमारे कौन से रंग के हैं। इस बीमारी का कोई इलाज नहीं। ये बीमारी खुद बालाजी भगवान भी ठीक नहीं कर पाएंगे।'
एक फेसलेस ट्रोल की इंस्टाग्राम प्रोफाइल शेयर करते हुए देवोलीना ने लिखा, 'ये इंजीनियर है दिल्ली से। किस चीज की इंजीनियर है ये तो यही जाने। इतने पैसे खर्च करके इंजीनियर बनने के बाद भी ज़िंदगी और सोच दोनों नहीं सुधर पाई बेचारी। अगर ये इंजीनियर है तो सोच लो भविष्य किस दिशा में जा रहा है।'
गोरी त्वचा के जुनून पर भी बोलीं देवोलीना
जब एक सोशल मीडिया यूजर ने भारत में गोरी त्वचा को लेकर लोगों के जुनून की बात कही, तो देवोलीना ने लिखा, 'सभी नहीं, लेकिन अशिक्षित और कुपोषित लोग हमेशा इसके पीछे भागते हैं। ये लोग जिंदगी में हमेशा निराश रहते हैं, इसलिए वही करते हैं जो इन्हें सबसे अच्छा आता है- नफरत और नकारात्मकता फैलाना।'
देवोलीना और शहनवाज शेख ने 2022 में की शादी
देवोलीना और उनके पति शहनवाज शेख दिसंबर 2023 में माता-पिता बने थे। 18 दिसंबर को उन्होंने बेटे जॉय का स्वागत किया और अगले दिन इंस्टाग्राम पर प्यारा सा वीडियो शेयर कर इस खुशखबरी का ऐलान किया। देवोलीना और शहनवाज़ की शादी 2022 में हुई थी।
देवोलीना से क्यों इतनी नफरत करने लगें हैं कुछ लोग?
दरअसल, टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी अक्सर ट्रोल्स के निशाने पर आ जाती हैं- कभी अपने बेटे की रंगत को लेकर, तो कभी अपने पति के धर्म को लेकर। असल में देवोलीना ने साल 2022 में शहनवाज़ शेख नाम के एक मुस्लिम युवक से शादी की थी। इस अंतरधार्मिक शादी के बाद से ही कुछ लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कई बार उनकी शादी को 'लव जिहाद' बताया गया और यहां तक कहा गया कि उन्हें 'केरल स्टोरी' जैसी फिल्में देखनी चाहिए थीं। हालांकि, देवोलीना ने अपने पति को एक सच्चा भारतीय मुसलमान बताया जो गलत को गलत और सही को सही कहने की हिम्मत रखता है। देवोलीना ने साफ किया कि उनकी ज़िंदगी, उनके फैसले और उनका धर्म-ये सब उनकी निजी पसंद हैं और किसी को इसमें दखल देने का हक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications