पर्दे पर भी रणवीर सिंह पर 'करंट' लगाती दिखीं दीपिका पादुकोण, एक्ट्रेस के डांस ने जीता फैंस का दिल
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह का 'करंट लगा' गाना हाल ही में रिलीज हुआ है। गाने में कपल काफी शानदार लग रहा है।

Cirkus song Current Laga Re: रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण बॉलीवुड के मोस्ट पावर कपल्स में से एक हैं। दोनों अकसर फैंस को कपल गोल्स देते रहते हैं। रील लाइफ की बात करें, अब ये शानदार जोड़ी एक बार फिर स्क्रीन पर साथ आई है। लगभग 5 सालों बाद शानदार डांस नंबर 'घूमर' के बाद अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने फिर वापसी की है। इस बार वे पति रणवीर संग डांस करती नजर आ रही हैं। दोनों का ये शानदार गाना 'करंट लगा' फिल्म 'सर्कस' का है। फिल्म में डबल रोल करने जा रहे रणवीर का दीपिका के साथ ये डांस नंबर काफी शानदार है।
करंट लगा को लिजो जॉर्ज और डीजे चेतस ने कंपोज किया है और नक्श अजीज, ध्वनि भानुशाली, जोनिता गांधी और लिजो जॉर्ज ने गाया है। कुमार ने तमिल लिरिक्स के साथ इसे लिखा है। गाने के तमिल रैप पोर्शन को विवेक हरिहरन ने गाया है।
बताते चलें कि दीपिका पादुकोण को आखिरी बार रणवीर सिंह के साथ फिल्म '83' में देखा गया था। इसमें रणवीर सिंह क्रिकेटर कपिल देव की भूमिका में थे और दीपिका ने उनकी पत्नी रोमी भाटिया का किरदार निभाया था। डांस की बात करें, तो इससे पहले दोनों को साल 2015 में फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' में साथ झूमते देखा गया था।
वहीं दीपिका की बात की जाए, तो फिल्म 83 के बाद दीपिका पादुकोण इंटेंस इमोशनल 'गहराइयां' में दिखी थीं। इस फिल्म में उनके साथ सिद्धांत चतुर्वेदी, अनन्या पांडे और धैर्य करवा नजर आए थे। वहीं फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में दीपिका पादुकोण की एक झलक दिखी थी। अब एक्ट्रेस शाहरुख खान के साथ फिल्म 'पठान' में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म साल 2023 में 25 जनवरी को रिलीज होने के लिए तैयार है। इसके साथ ही दीपिका ऋतिक रोशन के साथ 'फाइटर' और प्रभास के साथ भी एक फिल्म पर काम कर रही हैं।
रणवीर की 'सर्कस' की बात की जाए, तो इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है और इसमें जॉनी लीवर, वरुण शर्मा, जैकलीन फर्नांडीज, पूजा हेगड़े, संजय मिश्रा, अश्विनी कालसेकर, मुकेश तिवारी और सिद्धार्थ जाधव समेत अन्य कलाकर भी हैं। कॉमेडी फिल्म 1960 के दशक के समय को दिखाती है और इसमें रणवीर पहली बार डबल रोल में नजर आने वाले हैं। एक्टर की ये फिल्म 23 दिसंबर को क्रिसमस के हफ्ते रिलीज होने के लिए तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications