Dacoit Review: अदिवि सेष की दमदार एक्टिंग से चमकी थ्रिलर लव स्टोरी 'डकैत', सेकेंड हाफ में छुपा असली खेल, पढ़ें
फिल्म- डकैत
स्टारकास्ट- अदिवि सेष, मृणाल ठाकुर, अनुराग कश्यप
डायरेक्टर- शनेइल देओ
भाषा- हिंदी, तेलुगू
स्टार- *** (3/5)
Dacoit Review: साउथ सिनेमा के दमदार कलाकार अदिवि सेष (Adivi Sesh) को अक्सर उनकी शानदार एक्टिंग के लिए जाना जाता है और फिल्म 'डकैत' में भी उन्होंने वही साबित किया है। कई लोग उन्हें बॉलीवुड के राजकुमार राव जैसा नैचुरल एक्टर मानते हैं और इस फिल्म को देखने के बाद ये तुलना और भी सटीक लगती है।

10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'डकैत'
अदिवि सेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म 'डकैत' आज यानी 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को तेलुगू और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज किया गया है। पहली नजर में ये एक साधारण लव स्टोरी लगती है लेकिन फिल्म का असली जादू सेकेंड हाफ में खुलता है। यही वजह है कि इसे जल्दबाजी में जज करना बड़ी भूल हो सकती है।
क्या है फिल्म 'डकैत' की कहानी?
फिल्म 'डकैत' की कहानी अदिवि सेष और मृणाल ठाकुर के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक-दूसरे से प्यार करते हैं लेकिन परिवार की वजह से अलग हो जाते हैं। हालांकि इसके बाद कहानी एक अलग मोड़ लेती है और ये एक साधारण प्रेम कहानी से निकलकर सस्पेंस और ट्विस्ट से भरी यात्रा बन जाती है। इस फिल्म की खास बात ये है कि इसकी कहानी को ज्यादा बताना स्पॉयलर हो सकता है इसलिए इसे बड़े पर्दे पर अनुभव करना ही बेहतर है।
कैसी है फिल्म- ट्विस्ट, इमोशन और एक्शन का बैलेंस
-फिल्म 'डकैत' की शुरुआत काफी दिलचस्प है लेकिन बीच में थोड़ी धीमी पड़ती नजर आती है और ऐसा लगता है कि कहानी सामान्य दिशा में जा रही है लेकिन जैसे ही सेकेंड हाफ शुरू होता है, कहानी अपनी असली रफ्तार पकड़ती है।
-फर्स्ट हाफ में बिखरे हुए संकेत जब जुड़ते हैं तो कई चौंकाने वाले ट्विस्ट सामने आते हैं। कुछ मोड़ ऐसे हैं जिनका अंदाजा लगाया जा सकता है लेकिन कई ऐसे भी हैं जो पूरी तरह से सरप्राइज देते हैं।
-एक्शन सीक्वेंस रॉ और इंटेंस हैं जो कहानी को और मजबूत बनाते हैं। फिल्म की स्पीड खासतौर पर दूसरे हिस्से में काफी अच्छी हो जाती है और दर्शकों को बांधे रखती है। अंत में फिल्म एक इमोशनल टच के साथ खत्म होती है जो लंबे समय तक याद रहती है।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
-फिल्म के लीड हीरो अदिवि सेष इस मूवी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने इमोशनल, एक्शन और हल्के-फुल्के कॉमिक सीन, हर जगह बेहतरीन संतुलन दिखाया है। कई सीन में उनकी परफॉर्मेंस इतनी नैचुरल लगती है कि दर्शक उनसे जुड़ाव महसूस करने लगते हैं।
-मृणाल ठाकुर ने भी अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया है। उन्हें ग्लैमर के साथ-साथ अभिनय का भी अच्छा मौका मिला है और उन्होंने इसे बखूबी निभायाहै।
-अनुराग कश्यप की स्क्रीन प्रेजेंस दमदार है और उनके आते ही थिएटर में उत्साह बढ़ जाता है। हालांकि उनका रोल थोड़ा और लंबा हो सकता था।
-प्रकाश राज अपने किरदार में ठीक-ठाक लगते हैं जबकि अतुल कुलकर्णी समेत बाकी कलाकारों ने भी अच्छा सहयोग दिया है।
राइटिंग और डायरेक्शन: मजबूत पकड़ लेकिन कुछ जगह सुधार की गुंजाइश
इस फिल्म की कहानी अदिवि सेष और शनेइल देओ (Shaneil Deo) ने मिलकर लिखी है जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी भी शनेइल देओ ने संभाली है। फिल्म की स्क्रिप्ट ज्यादातर जगहों पर मजबूत नजर आती है लेकिन बीच-बीच में स्क्रीनप्ले थोड़ा भटकता है। इसके बावजूद डायरेक्शन प्रभावी है और फिल्म को एक अलग ट्रीटमेंट देता है।
म्यूजिक: कहानी को सपोर्ट करता शानदार संगीत
फिल्म का म्यूजिक Bheems Ceciroleo ने दिया है, जो कहानी के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। रूबरू जैसे गाने खास असर छोड़ते हैं। वहीं पवन सिंह का गाना टच बडी बड़े पर्दे पर मनोरंजक लगता है।
एक बार फिल्म जरूर देखें
अगर आप ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें लव स्टोरी के साथ सस्पेंस, ट्विस्ट और दमदार एक्टिंग का तड़का हो तो ये फिल्म आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications