फिल्म इंडस्ट्री से आई बुरी खबर, कई हिट फिल्मों को डायरेक्ट करने वाले राकेश कुमार का निधन
फिल्म इंडस्ट्री से एक और बुरी खबर सामने आई है, जहां राइटर-डायरेक्टर और प्रोड्यूसर राकेश कुमार का निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में ही अंतिम सांस ली। वो लंबे वक्त से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर पर बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों ने दुख जताया है। उन्होंने अमिताभ बच्चन जैसे बड़े कलाकारों के साथ कई हिट फिल्में की थीं।

रविवार को प्रार्थना सभा
जानकारी के मुताबिक राकेश कुमार का निधन 10 नवंबर को मुंबई में हुआ था। वो 81 वर्ष के थे और काफी वक्त से कैंसर से लड़ रहे थे। इसके अलावा उन्हें उम्र संबंधित कुछ समस्याएं भी थीं। जब उनका अंतिम संस्कार हो गया, तो ये खबर मीडिया में आई। फिलहाल 13 नवंबर यानी रविवार को शाम 4 बजे एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है, जो सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब, गार्डन नंबर 5, लोखंडवाला में होगी।

ये हैं उनकी फिल्में
राकेश कुमार के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। उन्होंने खून पासीना, दो और दो पांच, याराना, जॉनी आई लव यू, दिल तुझको दिया, कौन जीता कौन हरा, कमांडर और सूर्यवंशी (1992) जैसी हिट फिल्में की थीं। इसके अलावा अमिताभ बच्चन की फिल्म मिस्टर नटवरलाल का निर्देशन भी उन्होंने ही किया था।

टीवी इंडस्ट्री से भी बुरी खबर
हाल ही में टीवी इंडस्ट्री को भी एक बड़ा झटका लगा था, जहां एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का 46 साल की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक एक्टर शुक्रवार को जिम में वर्कआउट कर रहे थे, तभी उनको अचानक हार्ट अटैक आया और वो गिर गए। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां पर कुछ देर तक उनका इलाज चला, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।












Click it and Unblock the Notifications