Bhooth Bangla BO Collection Day 4: पहले सोमवार धीमी हुई 'भूत बंगला' की रफ्तार, चौथे दिन की इतनी कमाई
Bhooth Bangla Box Office Collection Day 4: हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' सिनेमाघरों में रिलीज के साथ ही दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रही है। अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और प्रियदर्शन (Priyadarshan) की जोड़ी करीब एक दशक बाद साथ आई है और इसका असर फिल्म की ओपनिंग पर साफ देखने को मिला है। वीकेंड पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब फिल्म को सोमवार के असली इम्तिहान से गुजरना पड़ा था, जहां इसकी कमाई में स्वाभाविक गिरावट दर्ज की गई है।
वीकेंड पर धमाका, मंडे को आई गिरावट
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म 'भूत बंगला' ने रिलीज के चौथे दिन यानी 20 अप्रैल 2026 (सोमवार) को करीब 6.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। हालांकि ये वीकेंड के मुकाबले कम है लेकिन वीकडेज के लिहाज से इसे संतोषजनक माना जा रहा है।

चार दिन में 'भूत बंगला' ने की कितनी कमाई?
फिल्म ने पेड प्रीव्यू शोज से 3.75 करोड़ रुपए की कमाई की थी, जिसके बाद इसने पहले दिन 12.25 करोड़, दूसरे दिन 19 करोड़ और तीसरे दिन 23 करोड़ रुपए का शानदार बिजनेस किया। चार दिनों में फिल्म की कुल कमाई अब लगभग 64.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
'भूल भुलैया' जैसा माहौल, फैमिली ऑडियंस का मिल रहा साथ
'भूत बंगला' ने अपनी हॉरर-कॉमेडी शैली से दर्शकों को वही एंटरटेनमेंट देने की कोशिश की है, जो कभी 'भूल भुलैया' जैसी फिल्मों में देखने को मिला था। लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर छाई एक्शन और स्पाई थ्रिलर फिल्मों के बीच ये मूवी एक ताजा बदलाव बनकर उभरी है। खासतौर पर फैमिली ऑडियंस इस फिल्म को पसंद कर रही है, जो इसके कलेक्शन को स्थिर बनाए रखने में मदद कर रही है।
मंडे कलेक्शन के मामले में बनाई खास जगह
दिलचस्प बात ये है कि सोमवार को आई गिरावट के बावजूद 'भूत बंगला' ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ये फिल्म साल 2026 में पहले सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है। इसने शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) की फिल्म 'ओ रोमियो' (O'Romeo) के 5.10 करोड़ रुपए के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि इस लिस्ट में 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' अब भी टॉप पर बनी हुई हैं।
पोस्ट-कोविड दौर में अक्षय कुमार की मजबूत वापसी
'भूत बंगला' को अक्षय कुमार के लिए पोस्ट-कोविड दौर की सबसे बेहतर परफॉर्म करने वाली फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म ने अपने पहले सोमवार को 'जॉली एलएलबी 3' और 'केसरी चैप्टर 2' जैसी फिल्मों से बेहतर कमाई की है। हालांकि 'सूर्यवंशी' और 'हाउसफुल 5' जैसी बड़ी फिल्मों के मुकाबले ये अभी थोड़ा पीछे है लेकिन मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए फिल्म का सफर आगे भी मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
आगे क्या रहेगा फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर?
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 'भूत बंगला' वीकडेज में अपनी पकड़ कितनी मजबूत रख पाती है। अगर फिल्म इसी तरह दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचती रही तो आने वाले दिनों में ये 100 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ सकती है। फिलहाल पहले सोमवार के आंकड़े ये संकेत दे रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने की पूरी क्षमता रखती है।












Click it and Unblock the Notifications