Avatar Fire And Ash Trailer: 'अवतार 3' का दमदार ट्रेलर रिलीज, अब आग में सुलगेगा पेंडोरा का जीवन
Avatar Fire And Ash Trailer: हॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'अवतार 3: फायर एंड ऐश' को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। लोगों की एक्साइटमेंट को देखते हुए इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
फिल्म 'अवतार 3: फायर एंड ऐश' का ट्रेलर रिलीज
जानकारी के अनुसार फिल्म 'अवतार 3: फायर एंड ऐश' का ट्रेलर आज यानी 29 जुलाई 2025 को दर्शकों के सामने आ चुका है। फिल्म का ट्रेलर इस समय सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। लोगों को ये ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है।

फिल्म को लेकर लोगों में दिखा उत्साह
-विजुअल्स और कहानी की भव्यता के लिए पहचानी जाने वाली 'अवतार' सीरीज की पहली दो फिल्में दुनियाभर में जबरदस्त कमाई कर चुकी हैं। अब तीसरे पार्ट को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
-आपको बता दें कि इस मेगा सीरीज की शुरुआत साल 2009 में रिलीज हुई पहली फिल्म 'अवतार' से हुई थी, जिसने सिनेमाघरों में इतिहास रच दिया था। इसके बाद साल 2022 में इस सीरीज की दूसरी फिल्म 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' ने भी बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ दिए थे। अब इस सीरीज की तीसरी कड़ी 'अवतार: फायर एंड ऐश ' के नाम से रिलीज होने वाली है।
फिल्म के ट्रेलर में क्या है खास?
फिल्म 'अवतार 3' के ट्रेलर में एक बार फिर पेंडोरा की अलौकिक और शानदार दुनिया को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। यहां उड़ते जीव, नीली-स्कीन्ड नावी लोग और जीवंत प्राकृतिक दृश्य मन मोह लेते हैं। लेकिन जैसे ही कहानी आगे बढ़ती है, वहां की शांति टूटती नजर आती है। एक बार फिर जेक सुली और उसका परिवार एक नए खतरे से जूझता दिखाई देता है, जो इस बार पेंडोरा के ही कुछ निवासियों से आता है।
नए पार्ट में दिखेगा 'आग' का तांडव
जहां पहली फिल्म धरती (भूमि) और दूसरी फिल्म जल (पानी) की थीम पर आधारित थी, वहीं 'अवतार 3' में अग्नि (फायर) के इर्द-गिर्द संघर्ष की कहानी बुनी गई है। ट्रेलर में आग की लपटों में लड़ते नावी योद्धा, जेक सुली के बच्चों की भावनात्मक जद्दोजहद और पेंडोरा की आंतरिक लड़ाई दिखाई देती है। इस बार की कहानी में रोमांस, विश्वासघात और सत्ता के लिए युद्ध जैसे कई तत्व देखने को मिलेंगे।
19 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'अवतार 3' का प्रोडक्शन बजट करीब 2100 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। ये फिल्म आगामी 19 दिसंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भारत में ये फिल्म अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications